मथुरा और अलवर के रहने वाले दोनों युवकों को शादी का ख्वाब दिखाकर कीमती सामान और डेढ़ लाख से ज्यादा रुपये ठगे गए। लेकिन बुधवार शाम को दूल्हे बरात लेकर मैरिज होम में पहुंचे, तब मामला सामने आया। इसके बाद रात को ही पुलिस को साथ लेकर लड़के वाले आरोपितों के घर पहुंच गए। पुलिस ने चार को हिरासत में लिया है। जबकि मास्टरमाइंड फरार हो गया। फतेहपुर सीकरी के चार हिस्सा के रहने वाले 4-5 युवकों ने कुछ दिन पहले इस फर्जीवाड़े की योजना बनाई।
फतेहपुर सीकरी इलाके में ठगों ने मथुरा और अलवर के दो युवकों को शादी कराने के लिए झांसे में ले लिया। मथुरा के युवक की वहीं पर गोद भराई की रस्म कराई गई। इसके लिए बकायदा तौर पर एक लड़की का भी इंतजाम किया गया था। जबकि अलवर वाले युवक की पश्चिमपुरी में गोद भराई की रस्म अदा कराई गई। रस्म अदा कराने के बहाने कीमती कपड़े और जेवरात ले लिया। जबकि खर्च बताकर दोनों से 80-80 हजार रुपये भी ठग लिए और 18 की रात को बरात लाने की बात तय हुई।
दोनों युवक पश्चिमपुरी स्थित एक मैरिज हाल में बारात लेकर पहुंचे तो उनके पांव तले जमीन खिसक गई। यहां विवाह का कोई इंतजाम ही नहीं था। उन्हें ठगी का अहसास हो गया। इसके बाद गुरुवार सुबह युवकों का पता पूछते-पूछते उनके गांव पहुंचे और चार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि मास्टरमांइड उनके हाथ नहीं आया।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



