उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के दादामऊ गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पत्नी की आत्महत्या के बाद फौजी पति ने भी अपनी जान दे दी। कोलकाता में तैनात फौजी पति को जैसे ही अपनी पत्नी की मौत की खबर मिली, उसने भी जान दे दी। पत्नी का अंतिम संस्कार कानपुर में संपन्न किया गया, जबकि फौजी पति का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ बक्सर घाट पर किया जाएगा।
Soldier Dies After Wife’s Death: पारिवारिक विवाद के चलते सूबेदार की पत्नी ने की आत्महत्या
दरअसल, उन्नाव के बीघापुर थाना क्षेत्र के दादामऊ गांव में रहने वाले सेना के सूबेदार शैलेंद्र कुमार की पत्नी, साधना पांडेय ने मंगलवार रात पारिवारिक विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद मृतका के भाई अनुज मिश्रा ने हत्या की आशंका जताते हुए डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही बीघापुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वहीं, जब पत्नी की मौत की खबर कोलकाता में ड्यूटी पर तैनात फौजी पति शैलेंद्र तक पहुंची, तो वह इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्होंने भी वहां आत्मघाती कदम उठा लिया। इस दोहरी मौत की खबर से दोनों परिवारों सहित पूरे गांव में मातम पसर गया है।
Army Jawan Suicide News: मृतका के भाई ने लगाए गंभीर आरोप
सूबेदार शैलेंद्र की करीब 10 साल पहले शादी हुई थी। साधना पांडेय के मौत बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई अनुज मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को फंदे से लगाकर हत्या की गई। पुलिस को दी गई शिकायत में निष्पक्ष जांच की मांग की गई है, जिसके बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है।
Kolkata Soldier Suicide: “आज हम दोनों जा रहे हैं…”

इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो में मृतक फौजी शैलेंद्र कुमार ने जान देने से पहले एक भावुक ऑडियो संदेश छोड़ा है। उन्होंने कहा, “पांडे जी, जब मेरी बीवी ही इस दुनिया में नहीं रही, तो मैं भी नहीं रहा। इस पूरी घटना में मेरे परिवार के लोगों का कोई कसूर नहीं है, बल्कि हम दोनों के बीच हुई मिसअंडरस्टैंडिंग की वजह से आज हम दोनों जा रहे हैं। मेरे बच्चों यथार्थ (5 साल) और सांवी (8 साल) की परवरिश अब आपके सहारे है, उन्हें प्यार से रखना।”























