उप्र : 24 घंटे में कोरोना के 2948 नए मामले की पुष्टि, 41 लोगों की मौत

Summary :

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमण के मामलों की संख्या एक लाख के आंकडे को पार कर गयी। मंगलवार को 2948 नये मामले सामने आये।

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमण के मामलों की संख्या एक लाख के आंकडे को पार कर गयी। मंगलवार को 2948 नये मामले सामने आये। अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान 41 लोगों की मौत कोरोना वायरस संक्रमण के चलते हुई।
मृतकों का आंकडा बढकर 1817 हो गया है। राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 41,222 है। कुल 57, 271 लोग पूर्णतया ठीक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 1, 00, 310 हो गयी है। बीते 24 घंटों में सबसे अधिक आठ मौतें कानपुर में हुईं।
लखनऊ और गोरखपुर में चार- चार तथा प्रयागराज, मुरादाबाद, सहारनपुर और आजमगढ में तीन- तीन लोगों की मौत संक्रमण के कारण हुई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि राजधानी लखनऊ में बीते सबसे अधिक 611 नए मामले सामने आये। कानपुर में 259 मामले सामने आये हैं।
राज्य सरकार ने हालांकि एक बयान में बताया कि पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 2983 मामले सूचित हुए हैं। प्रसाद ने बताया कि राज्य में अब तक 26 लाख से अधिक नमूनों की जांच हो चुकी है । 1300 से अधिक लोग घरों में पृथकवास में हैं और 152 लोग ‘सेमी पेड’ सुविधाओं वाली जगहों पर हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर हर जिले में कम से कम एक एल-2 अस्पताल स्थापित करने का काम चल रहा है। राज्य में स्थापित कोविड हेल्पडेस्क का नेटवर्क काफी मददगार साबित हो रहा है।

Desk Team