उत्तर प्रदेश विधानमंडल का वर्ष 2021-22 का चतुर्थ सत्र आअज से शुरू हो रहा है। सदन की बैठक दिन में 11 बजे से शुरु होगी।मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल अगले साल मार्च में पूरा होने से पहले आहूत सत्र के हंगामेदार होने के पूरे आसार है। संभावित विधानसभा चुनाव के ठीक पहले बुलाये गये तीन दिवसीय सत्र में विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की पुरजोर कोशिश करेगा। माना जा रहा है कि भाजपा कुछ बड़े ऐलान कर सकती है, ताकि वह अपने कोर वोटरों को साध सके।
इस सत्र में चालू वित्त वर्ष के लिये अनुदान की मांग और आगामी वित्तीय वर्ष के लिये लेखानुदान प्रस्ताव पेश किये जायेंगे। विधान सभा अध्यक्ष, हृदय नारायण दीक्षित की अध्यक्षता में मंगलवार को हुयी कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में इस सत्र की कार्यवाही के एजेंडे को अंतिम रूप दिया गया।
इसके अनुसार आज सत्र के पहले दिन सदन की बैठक दिन में 11 बजे शुरु होने पर विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष, सुखदेव राजभर एवं प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) बिपिन रावत एवं अन्य सैन्य अधिकारियों के असामायिक निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित कर सत्र के पहले दिन की बैठक स्थगित कर दी जायेगी।
इसके अगले दिन गुरुवार को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना चालू वित्त वर्ष का दूसरा अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखेंगे और अगले वित्त वर्ष के पहले चार महीनों के लिए लेखानुदान भी पेश करेंगे। बजट प्रस्तुतीकरण के उपरांत सदस्यों के प्रश्न लिये जायेंगे। इसी दिन सायं 04.30 बजे विधान सभा के सभी सदस्यों का ग्रुप फोटो सेशन होगा।वहीं शुक्रवार को दूसरा अनुपूरक बजट और लेखानुदान सदन में पारित कराये जायेंगे।


Download Android App
Download iOS App



