UP विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सरगर्मियां तेज, जीत के लिए साधु-संतों से आशीर्वाद लेगी भाजपा

Summary :

बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) ब्राम्हणों को अपने पाले में लाने की कोशिश में सम्मेलन आयोजित करने जा रही है

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अगले साल होने है। चुनाव के मद्देनजर सरगर्मियां बढ़ने लगी है। बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) ब्राम्हणों को अपने पाले में लाने की कोशिश में सम्मेलन आयोजित करने जा रही है, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और जनप्रतिनिधि मठों और मंदिरों में दस्तक देंगे तथा साधु-संतों को सम्मानित करके आगामी चुनाव में जीत का आशीर्वाद लेंगे।
भाजपा के गोरक्ष प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को बताया कि 24 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के मौके पर भाजपा के पदाधिकारी, सांसद और विधायक, मंत्री तथा निगमों के पदस्थ लोग गोरक्ष प्रांत से जुड़े सभी मठों और मंदिरों में जाएंगे।उन्होंने बताया कि इस दौरान मठों व मंदिरों में साधु-संतों को अंग वस्त्र और नारियल भेंट कर सम्मानित करने के साथ ही प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए उनका आशीर्वाद भी लिया जायेगा।
सिंह ने बताया कि गोरक्ष प्रांत के सभी जिलों में इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों को इस बारे में दिशा-निर्देश दे दिये गये हैं।गौरतलब है कि बसपा अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ब्राह्मणों को पार्टी से जोड़ने के लिए जगह-जगह ब्राह्मण सम्मेलन कराने का ऐलान किया है।

Desk Team