उत्तर प्रदेश की सरकार में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस तीनों एक साथ मिलकर भी लड़े तो हम उन्हें हराएंगे।
मौर्य ने शनिवार को भदोही में सांसद ,विधायकों और पार्टी जनों के साथ संवाद किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा पर निशाना साधते हुए सवालिया अंदाज में कहा कि वह पुजारिन बनी घूमती रहती हैं और उन्हीं की पार्टी के दो नेताओं (सलमान खुर्शीद और राशिद अल्वी) ने हिन्दू संगठनों के विरुद्ध अपमान जनक बाते कहीं, जय श्रीराम कहने वालों के विरुद्ध अपमानजनक बातें की, उसके बारे में वह क्या कहेंगी।
पांच साल में उनकी सपा ने सरकार में रहने के दौरान कितनी कमाई की है
उन्होंने कहा कि क़ानून व्यवस्था की बात करने वाली प्रियंका लखनऊ की बजाय कांग्रेस शासित प्रदेशों में क़ानून व्यवस्था का हाल चाल लेने क्यों नहीं जाती। अखिलेश यादव द्वारा यह आरोप लगाए जाने कि सरकार बताये कि तेल कंपनी से तीन महीने में छह सौ प्रतिशत कमाई कहां गई, पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा कि वह बताएं कि पांच साल में उनकी समाजवादी पार्टी ने सरकार में रहने के दौरान कितनी कमाई की है।
उन्होंने कहा कि रहा सवाल कमाई का, तो जो फायदा होता है वह तेल कंपनियों का होता है और सरकार को जो टैक्स मिलता है उसे गरीबों पर खर्च किया जाता है। मौर्य ने जिले में गंगा नदी पर रामपुर घाट से मिर्जापुर जाने के लिए एक पुल के निर्माण, सीतामढ़ी क्षेत्र में पुल निर्माण समेत कई निर्माण कार्यों की घोषणा की।
सिने अभिनेत्री कंगना रनौत के साल 2014 में आज़ादी मिलने संबंधी बयान के सवाल से किनारा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने किनारा करते हुए कहा कि ”उत्तर प्रदेश में कहां हिमाचल की बात करते हैं।”


Download Android App
Download iOS App



