यूपी की राजधानी में गरीबों को अब खाने के लिए कहीं नहीं भटकना होगा। कोरोना काल में जरूरतमंदों को अब मुफ्त और भरपेट भोजन मिलेगा। प्रदेश के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को गरीबों के सबसे बड़े भोजनालय की शुरूआत गांधी कला भवन में की। अटल बिहारी वाजपेयी फाउंडेशन द्वारा संचालित इस भोजनालय के जरिए राजधानी में सुबह से शाम तक हजारों लोगों को मुफ्त भोजन कराया जाएगा।
कोरोना की दूसरी लहर से जूझ रहे प्रदेश में इस भोजनालय की शुरूआत को गरीबों के लिए बड़ा सहारा माना जा रहा है। भोजनालय शुरू होने से सबसे ज्यादा मदद दिहाड़ी मजदूर, श्रमिक ,रिक्शा चालक, रेहड़ी, ठेला, खोमचा लगाने वालों के साथ टैक्सी ड्राइवरों और दैनिक रोजगार करने वालों की होगी। भोजनालय का शुभारंभ करते हुए प्रदेश के कानून मंत्री और अटल बिहारी वाजपेयी फाउंडेशन के अध्यक्ष ब्रजेश पाठक ने कहा कि हम सब का लक्ष्य इस मुश्किल वक्त में लोगों की अधिक से अधिक मदद करना है। अटल भोजनालय के माध्यम से रोजाना सुबह से शाम तक लोगों को ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। भोजनालय की व्यवस्था फाउंडेशन की तरफ से संचालित की जाएगी। भोजन पूरी तरह मुफ्त होगा। भोजनालय में स्वच्छता के साथ ही कोरोना प्रोटोकाल का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा पहले ही लगातार गांव,गरीब और मजदूरों के हित में काम किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने सबसे पहले अपनी विधायक निधि कोरोना के इलाज के लिए देने का ऐलान किया था। राजधानी में गरीबों के सबसे बड़े भोजनालय की शुरूआत को भी जन सेवा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



