उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव भदोही जनपद में पहले चरण में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न होने हैं। 15 अप्रैल को होने वाले मतदान से दो दिन पहले भदोही पुलिस ने मतदाताओं को पैसा बांटने के आरोप में दो लोगों को पकड़कर जेल पंहुचा दिया है। वहीं एक अन्य को मतदाताओं को डराने-धमकाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने बताया कि चुनाव में मतदाताओं को पैसा बांटने की सूचना पर उन्होंने वार्ड नंबर 14 के प्रत्याशी विपुल दूबे को ज्ञानपुर थाना के गजधरा गांव से जबकि वार्ड नंबर आठ के प्रत्याशी अजीत यादव को सुरियांवा थाना क्षेत्र के पट्टीबेजांव गांव से पैसा बांटते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्य पद के दोनों प्रत्याशियों के पास से 60 हज़ार रुपये से ज़्यादा नकद रकम के साथ कई एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। इसके साथ उनके पास से बूथवार एक सूची भी मिली है जिसमें यह दर्ज है कि प्रत्येक मतदाता एक हज़ार के हिसाब से किस बूथ पर कितना पैसा बांटा गया और अभी किन बूथों पर दिया जाना है।
डराने-धमकाने के मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरफ्तार
राम बदन सिंह ने मंगलवार को बताया कि भदोही ब्लॉक के पूर्व प्रमुख विनय कुमार दूबे उर्फ़ फ़ज़ीहत दूबे लगातार क्षेत्र में मतदाताओं को अपनी भाभी जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी अमृता दूबे के पक्ष में वोट डालने के लिए डरा-धमका रहे थे जिसकी शिकायत मिलने पर विनय दूबे को औराई थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।


Download Android App
Download iOS App



