मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास के दिल्ली आवास पर UP पुलिस का छापा, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Summary :

छापेमारी के बाद पुलिस ने अब्बास अंसारी के खिलाफ सेक्शन 420, 467, 468, 471 और 30 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के दिल्ली स्थित आवास पर छापा मारकर 6 असलहे और 4431 कारतूस समेत भारी मात्रा में शस्त्र सामग्री बरामद की है। जानकारी के मुताबिक अब्बास ने एक लाइसेंस पर अवैध तरीके से छह हथियार खरीदे हैं। 
पुलिस की टीम गुरुवार को अब्बास के दिल्ली स्थित घर पर सर्च वॉरंट लेकर पहुंची और जहां पर तलाशी के दौरान पुलिस को ये हथियार मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। इटली, ऑस्ट्रिया, स्लोवेनिया मेड रिवाल्वर, बन्दूक और कारतूस अब्बास के ठ‍िकाने से म‍िले। इटली और स्लोवेनिया से खरीदी गई डबल बैरल और सिंगल बैरल बंदूक भी बरामद हुई। 
छापेमारी के बाद पुलिस ने अब्बास के खिलाफ सेक्शन 420, 467, 468, 471 और 30 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर इन हथियारों की खरीद कहां से की गई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि एएसपी क्राइम और सीओ गाजीपुर की टीम ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से उक्त कार्रवाई की है। 
असलहे व कारतूस अलग-अलग बोर के हैं। कुछ असलहे विदेश से मंगाए गए हैं। अब्बास ने अलग-अलग राज्यों से अभिलेखों में धोखाधड़ी कर उक्त असलहे और कारतूस प्राप्त किए थे। अब्बास के खिलाफ महानगर कोतवाली में केस दर्ज होने के बाद से ही पुलिस ने सख्त कार्रवाई की रूपरेखा तैयार कर ली थी। 

Desk Team