उत्तर प्रदेश में कोरोना के ममलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने नए दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया है जिसके तहत दसवीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को 16 जनवरी तक बंद कर दिया गया है।
राज्य में बुधवार को कोविड-19 के 2,038 नए मामले आए जबकि मंगलवार को 992 मामले सामने आए थे। स्वास्थ्य विभाग की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 511 नए मामले गौतमबुद्ध नगर जिले आए हैं जबकि लखनऊ में 288, गाजियाबाद में 255, मेरठ में 110 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, राज्य में किसी भी रोगी की मौत नहीं हुई हैं ।
विद्यार्थियों को केवल टीकाकरण के लिए ही विद्यालय बुलाया जायेगा
अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने एक बयान में बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम-09 को निर्देश दियें कि 10वीं कक्षा तक के सभी विद्यालयों में 16 जनवरी तक अवकाश घोषित किया जाए और 11-12वीं कक्षाओं के विद्यार्थियों को केवल टीकाकरण के लिए ही विद्यालय बुलाया जाए, टीकाकरण तिथि व अगले दिवस इन बच्चों को अवकाश दिया जाए।
कोरोना कर्फ्यू अब रात्रि दस बजे से सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने शेष अवधि में 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों की कक्षाएं केवल ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने को कहा है, आंगनबाड़ी के बच्चों का पोषाहार उनके घर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने का निर्देश दिए हैं और कहा कि इन बच्चों को केंद्र न बुलाया जाए।सहगल ने बताया कि बृहस्पतिवार से कोरोना कर्फ्यू अब रात्रि दस बजे से सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा।
उन्होंने बताया कि बीते 24 घंटों में एक लाख 92 हजार 430 नमूनों की जांच की गई जिनमें 2038 के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि इसी अवधि में 51 मरीज संक्रमणमुक्त हुए।बयान के मुताबिक बुधवार को प्रदेश में कुल उपचाराधीन मरीजों की 5,158 रही।उन्होंने बताया कि बदलती परिस्थितियों व्यापक जनहित के दृष्टिगत स्वास्थ्य विशेषज्ञों के परामर्श के अनुसार नया कोविड दिशानिर्देश जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी ने दिए ये निर्देश
बयान के मुताबिक जिन जिलों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,000 से अधिक हो जाएगी, वहां, नयी व्यवस्था लागू होगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि उनके सम्बंधित विभाग में किसी सरकारी, अर्धसरकारी, संविदा, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन/मानदेय बकाया न रहे, अधीनस्थ कार्मिकों से सतत संवाद करते रहें।
टीकाकरण के लिए अधिक से अधिक स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जाएं
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के 13 करोड़ से अधिक लोगों को टीके की पहली खुराक लग चुकी है जबकि सात करोड़ 58 लाख से अधिक लोगों को दोनों खुराक लग चुकी है। बयान के मुताबिक विगत दिवस तक 15 से 18 आयु वर्ग के चार लाख 60 हजार से अधिक किशोरों को टीके की पहली खुराक दी गई है।बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द सभी पात्र लोगों का टीकाकरण किया जाए, तथा अधिक से अधिक स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जाएं।


Download Android App
Download iOS App



