यूपी: ‘ये लोग अभी से EVM पर सवाल उठाने लगे हैं’, पहले चरण की वोटिंग के बाद PM मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना

Summary :

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दूसरे राउंड की वोटिंग से पहले प्रचार के लिए पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कासगंज पहुंचे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों चुनावी रैलियों को संबोधित करने में व्यस्त है। जहां से वे अपनी सरकार और पार्टी की विकास योजनाओं से लेकर मुख्यमंत्रियों तक की जमकर प्रशंसा कर रहे है। तो वहीं, दूसरी तरफ विरोधियों पर तीखे प्रहार कर रहे है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दूसरे राउंड की वोटिंग से पहले प्रचार के लिए पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कासगंज पहुंचे।  
पीएम ने भाजपा को भारी बहुमत मिलने का दावा किया 
पीएम मोदी ने पहले चरण में भाजपा को भारी बहुमत मिलने का दावा करते हुए विपक्ष को निशाने पर लिया और कहा कि ये लोग अभी से ईवीएम पर सवाल उठाने लगे हैं। पीएम मोदी ने क्रिकेट में विकेट नाम मिलने से हताश बॉलर के अंपायर पर गुस्सा करने का उदाहरण देते हुए कहा कि ईवीएम पर ही सवाल उठाना है तो 10 मार्च के बाद बहुत दिन पड़े हैं। गौरतलब है कि कैराना में गुरुवार रात एक गाड़ी में ईवीएम मिलने के बाद समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग से शिकायत की है, जबकि डीएम ने बताया कि वह रिजर्व ईवीएम था। 
यूपी के विकास के लिए भारी मात्रा में कमल को वोट दिया है 
पीएम मोदी ने कहा, ”कल यूपी में पहले चरण का मतदान हुआ है, लोगों ने भारी संख्या में घरों को निकलकर यूपी के विकास के लिए भारी मात्रा में कमल को वोट दिया है। विशेष रूप से हमारी बहन-बेटियों ने जमकर मतदान किया है। जो रुझान आए हैं वह बता रहे हैं कि पहले चरण में भाजपा का परचम लहरा रहा है। कल दोपहर के बाद उन नेताओं के जितने इंटरव्यू आए हैं, उनका चेहरा लटका हुआ है। अब वह परिवार की बात करने लगे हैं। योगी जी क्या हाल कर दिया आपने इन लोगों को।”  

गोवा: राहुल गांधी ने PM पर लगाया आरोप, बोले- ‘मोदी उस समय के इतिहास को नहीं समझते हैं’

आप देखिए जो घोर परिवारवादी लोग हैं उन्हें भी पता चल गया है कि नैया डूब गई है 
पीएम मोदी ने आगे कहा, ”आप देखिए जो घोर परिवारवादी लोग हैं उन्हें भी पता चल गया है कि नैया डूब गई है। इसलिए उन्होंने अभी से ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है। आपको पता है ना कि क्रिकेट में क्या होता है। बॉलर बॉल फेंकता है और विकेट नहीं मिलती तो बॉल फेंकता है और वहां पहुंचने से पहले चिल्लाता है, आउट… आउट…, नहीं होता है तो अंपायर पर गुस्सा निकालता है। पहले चरण के बाद ये लोग ईवीएम को दोष देने लगे। अब जनता आपको स्वीकार नहीं करेगी, जनता को गुंडाराज नहीं चाहिए। अगर ईवीएम को ही गालियां देनी हैं तो 10 मार्च के बाद बहुत दिन हैं, देते रहना।” 
मोदी और योगी जो को आप जो आशीवार्वाद दे रहे हैं, उसने परिवारवादियों की नींद उड़ा दी है 
पीएम ने कहा, ”घोर परिवारवादियों ने ऐसे अपराधी चुनाव के मैदान में उतारे हैं, जो आपसे खार खाये बैठे हैं। इन अपराधियों, गुंडों को हराने के लिए आपको एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को मतदान करना है। अपराधियों को कभी आप बदला लेने का मौका न देना। मोदी और योगी जो को आप जो आशीवार्वाद दे रहे हैं, उसने परिवारवादियों की नींद उड़ा दी है।”  
पीएम ने कहा कि योगी जी ने यूपी में सुरक्षा का जो माहौल दिया है, उसने समृद्धि का नया द्वार खोला है। समाज का हर वर्ग मेहनत करे, उन्नति करे, इसके लिए जो माहौल जरूरी है, वो माहौल योगी जी सरकार ने दिया है। इससे पहले पीएम मोदी ने उत्तराखंड में विधानसभा के चुनाव के मतदान से पहले अल्मोड़ा से राजनीतिक हुंकार भरी और विरोधियों पर जमकर बरसे। 

Desk Team