उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी से त्यागपत्र देने वाले दारा सिंह चौहान ने सोमवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार पीएम बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को दारा सिंह चौहान ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान दारा सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी जिस तरह से काम कर रहे हैं, उससे 2024 के चुनाव में दोबारा मोदी ही पीएम बनेंगे। दुनिया की कोई ताकत उनको रोक नहीं सकती है। उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में जिस तरह से गरीबों के लिए काम हो रहा है। उससे लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय है। पूरी 80 सीटें भाजपा ही जीतेगी। आज दुनिया के तमाम मुल्क प्रधानमंत्री मोदी के पीछे चलने के लिए परेशान हैं। भाजपा के सिपाही के रूप में मेरी घर वापसी हुई है। पीएम मोदी की इज़्ज़त धरती पर ही नहीं। आसमान पर भी हो रही है।”
सपा में महत्व न मिलने से फिर भाजपा में वापसी
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस दौरान कहा कि दारा सिंह चौहान देश की राजनीति समझने वाले हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में यूपी में भाजपा ने 73 सीटें जीती थीं। 2019 में महागठबंधन के सामने हमने 64 सीटें जीती थीं। 2024 में 80 सांसदों की फौज तैयार हो रही है। 2024 में यूपी में एकतरफा फूल खिलेगा।
गौरतलब हो कि दारा सिंह चौहान ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में वन मंत्री से इस्तीफा देकर सपा की सदस्यता ग्रहण की और मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए। तब, चौहान ने भाजपा सरकार पर पिछड़ों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सपा के पक्ष में जमकर चुनाव प्रचार किया। लेकिन वहां महत्व न मिलने से फिर भाजपा में वापसी कर ली।


Download Android App
Download iOS App



