मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विगत 26 दिनों में प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण के सक्रिय मामलों में आई 44 प्रतिशत की कमी पर संतोष व्यक्त करते हुए निरन्तर सावधानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए भारत सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों के लिए अग्रिम धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने वित्त विभाग को केन्द्र की तर्ज पर प्रदेश में भी इसी प्रकार की योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि अनलॉक की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आने वाले समय में कई अन्य गतिविधियां भी प्रारम्भ हो जाएंगी। इसलिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम (लाउडस्पीकर) सहित विभिन्न प्रचार माध्यमों का व्यापक उपयोग करते हुए लोगों को संक्रमण से बचाव और सुरक्षा के सम्बन्ध में निरन्तर जागरूक किया जाए।
एक सरकारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री मंगलवार को यहां लोक भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सब्जी और दाल के खुदरा मूल्य को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जमाखोरी, मुनाफाखोरी और कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।


Download Android App
Download iOS App



