उत्तर प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण दर में प्रभावी सुधार को देखते हुए राज्य में विभिन्न गतिविधियों पर लगी पाबंदियां हटा ली। कोरोना वायरस संक्रमण में कमी को देखते हुए उत्तर प्रदेश में तरणताल, विवाह और आंगनवाड़ी केंद्रों पर लगी आंशिक पाबंदियां समाप्त कर दी गई हैं लेकिन समस्त स्थानों पर कोविड प्रोटोकाल सख्ती से लागू रहेगा।
अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने बताया कि पूर्व में विभिन्न गतिविधियों की अनुमति दी गई थी, लेकिन तरणताल या वाटर पार्क, आंगनवाड़ी केंद्रों के अलावा शादियों और अन्य समारोहों पर पाबंदियां जारी थीं। राज्य के सभी जिलाधिकारियों और जिलों के पुलिस अधिकारियों को भेजे गये आदेश में अपर मुख्य सविच (गृह) ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण की दर में प्रभावी कमी को देखते हुए अब सभी तरणताल या वाटर पार्क, आंगनवाड़ी केंद्र खुले रहेंगे।
उन्होंने कहा कि शादी समारोह व अन्य आयोजनों में बंद स्थानों एवं खुले स्थानों में मास्क की अनिवार्यता तथा कोविड-19 प्रोटोकाल के अनुसार अन्य सावधानियां बरतते हुए पूर्ण क्षमता के साथ व्यक्तियों के सम्मिलित होने की अनुमति होगी।


Download Android App
Download iOS App



