उत्तर प्रदेश के देवरिया, बाराबंकी और सीतापुर जिले के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समेत विभिन्न दलों के कई नेताओं ने शुक्रवार को यहां कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता संजय सिंह ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश मामलों की पार्टी प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के कई नेता आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस में शामिल हो गए।
कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण
प्रवक्ता ने बयान में कहा कि जनपद देवरिया के हिन्दू युवा वाहिनी के नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल चौरसिया, बसपा के जिला प्रभारी आनंद प्रकाश भारती, बसपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हरिप्रसाद, मछुआरा समिति के नेता पारसनाथ निषाद, बसपा नेता राजेश कुमार मौर्य और समाजवादी पार्टी के नेता अख्तर हुसैन समेत कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
समर्थक कांग्रेस में शामिल हो गए
उन्होंने बताया कि सीतापुर और बाराबंकी जिलों से संबंधित ग्राम प्रधान सुरेश चंद चौहान, दिनेश निषाद, कैलाश चौहान, पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी पवन चौहान आदि नेताओं के साथ आए उनके समर्थक कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में 2022 में राज्य विधासभा का चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।


Download Android App
Download iOS App



