उत्तर प्रदेश : अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार को मारी गोली, 6 के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज़, चार गिरफ़्तार

Summary :

उत्तर प्रदेश के जौनापुर जिले से एक चौकाने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, जफराबाद क्षेत्र के मिसरिपुर गांव में एक पत्रकार को कुछ अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दिया।

उत्तर प्रदेश के जौनापुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, जफराबाद क्षेत्र के मिसरिपुर गांव में कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक पत्रकार की गोली मार कर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, पत्रकार अमिताभ मिश्रा की गुरुवार रात वाराणसी के ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध में दो अज्ञात और चार नामजद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।
कार सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी 
पुलिस के अनुसार जिले में जफराबाद थाना क्षेत्र के मिसिरपुर गांव निवासी 40 वर्षीय पत्रकार अमिताभ मिश्रा को 18 जनवरी को दिन में 12 बजे कार सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी थी। घटना के बाद घायल पत्रकार को उपचार के लिए पहले जिला अस्पताल लाया गया था, जहां से हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया था, वहां पर इलाज चल रहा था कि गुरुवार की रात में उनकी मौत हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ संजय कुमार ने बताया कि इस घटना के संबंध में दो अज्ञात और चार नामजद के विरुद्ध जफराबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस ने चारों नामजद को गिरफ्तार भी कर लिया है। 
नामजद किए गए लोगों से मृतक की रंजिश थी 
उन्होंने कहा कि घटना में नामजद किए गए लोगों से मृतक की रंजिश बताई जाती है जिसकी वजह से नामजद लोगों ने बाहरी बदमाश बुलाकर हत्या करा दी है। उन्होंने कहा कि घटना में वांछित दो अज्ञात बदमाशों को शीघ, गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर पत्रकार अमिताभ मिश्रा के मौत की खबर सुनते ही जिले की सभी पत्रकार संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक सभाएं कर उनकी आत्मा की शांति की कामना की है। सभी पत्रकार संगठनों ने प्रदेश सरकार से मारे गए पत्रकार के परिजनों को आर्थिक सहायता की भी मांग की है और उनके परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।

Desk Team