उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार रात नोएडा के सेक्टर 18 में एलईडी स्क्रीन से लैस वाहन के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई, बताया गया कि उन्हें किस तरह से अपनी सुरक्षा करनी है और जरूरत पड़ने पर पुलिस द्वारा जारी किए गए किन-किन हेल्पलाइन नंबर पर बात कर अपनी शिकायत दर्ज करानी है।
इस दौरान जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों के प्रति सभी को संवेदनशील होकर कार्य करना चाहिए। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने भी सेक्टर 18 में पहुंचकर महिलाओं और बच्चों से बातचीत की और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने भी उक्त अभियान में उद्यमियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। अपर पुलिस कानून व्यवस्था लव कुमार ने भी महिलाओं को सुरक्षा संबंधित कई सुझाव दिए। इस कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) वृंदा शुक्ला ने भी कई जगह जाकर महिलाओं को जागरूक किया।
ग्रेटर नोएडा के भी कई जगहों पर पुलिस व जिला प्रशासन ने मिशन शक्ति अभियान के तहत गांव-गांव व कस्बों में जाकर लोगों को जागरूक किया। यह कार्यक्रम 25 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



