वाराणसी में लगातार हो रही बारिश के बीच बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया है। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने मेयर अशोक तिवारी और कलेक्टर सत्येंद्र कुमार से फोन पर बात करके स्थिति का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, यह निश्चित किया जाए।
बाढ़ पीड़ितों को जरुरी मदद उपलब्ध कराने के निर्देश
प्रधानमंत्री ने जिलाधिकारी से राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली और बाढ़ पीड़ितों को युद्धस्तर पर सभी जरूरी मदद तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन को पूरी तत्परता से काम करने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत सामग्री की तुरंत व्यवस्था करने को भी कहा है।
खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा
वाराणसी में गंगा नदी का चेतावनी स्तर 70.26 मीटर है, लेकिन अभी गंगा 70.28 से 70.29 मीटर के बीच बह रही है। इसका जलस्तर करीब 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। इसको लेकर प्रशसन अलर्ट मोड में है और पूरी स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
नावों का संचालन रोका गया
बाढ़ के हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने नावों का संचालन रोककर बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और निचले इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। इस दौरान पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं से घाटों और तेज बहाव वाले इलाके में न जाने की अपील की है।
Also Read: CM Yogi Mathura Visit: सीएम योगी का दो दिवसीय मथुरा दौरा, जन्माष्टमी समारोह में होंगे शामिल


Download Android App
Download iOS App




