समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने रामचरितमानस मुद्दे के मद्देनजर मंगलवार को यहां कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। लेकिन ‘‘हम भाजपा की पिच पर नहीं खेलना चाहते।’’
शिवपाल मंगलवार रात को सपा नेता और पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के परिवार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। यह पूछे जाने पर कि पार्टी स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान से इत्तेफाक रखती है, उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम सभी ने बोल दिया है कि हम लोग धार्मिक व सांप्रदायिक मुद्दे से दूर रहना चाहते हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य को निर्देश दे दिए गए हैं कि धार्मिक और इस तरह के मुद्दों में नहीं उलझना है।’’
शिवपाल ने कहा, ‘‘भाजपा बार बार चाहती है कि यह मामला उठे। हम लोग भगवान राम के आदर्शों पर चलने वाले लोग हैं। भगवान कृष्ण के वंशज हैं। हमारा देश धर्मनिरपेक्ष है। हम लोग भी धर्मनिरपेक्ष हैं। हम भाजपा की पिच पर नहीं खेलना चाहते। हम लोग समाजवादी हैं।’’
उन्होंने कहा कि सपा जातीय जनगणना के पक्ष में है। सपा नेता ने सवाल उठाया कि जातीय जनगणना के मुद्दे पर भाजपा क्यों डर रही है।
शिवपाल ने आगामी लोकसभा चुनाव में पूर्वांचल में ओम प्रकाश राजभर और संजय निषाद की चुनौती से निपटने के सवाल पर कहा कि सपा को राजभर की जरूरत नहीं पड़ेगी। पार्टी के पास बहुत से नेता हैं।
उन्होंने गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी और विधायक अब्बास अंसारी को सपा में शामिल करने के सवाल पर कहा, ‘‘अल्पसंख्यक लोगों, खासकर मुसलमान वर्ग के आजम खां, इरफान सोलंकी, अफजाल अंसारी पर ज्यादती हो रही है। जब मुख्तार अंसारी भाजपा समर्थित दल में रहे, तब उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अफजाल अंसारी के लिए दरवाजे बिल्कुल खुले हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



