”जो नफरत करे, वह योगी कैसा”, CM योगी पर तंज कसते हुए बोले राहुल गांधी

Summary :

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक ट्वीट के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “जो नफ़रत करे, वह योगी कैसा!”

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टियों में हलचल स्पष्ट दिखाई देने लगी है। इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक ट्वीट के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। उन्होंने  ट्वीट कर लिखा, “जो नफ़रत करे, वह योगी कैसा!” 


इससे पूर्व कल भी राहुल गांधी ने हिंदू-मुसलमानों को लेकर एक ट्वीट साझा किया था। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा था, ‘तुम हिंदू सिख ईसाई न मुसलमान के हो, बस मित्रों के हो, ना देश ना इंसान के हो।’ हालांकि इस ट्वीट में उन्होंने किसी एक पार्टी पर निशाना नहीं साधा है।


दूसरी तरफ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी के लखनऊ के तीन दिनों के प्रवास में कई बैठकों के बाद पार्टी ने अगले साल की शुरुआत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए दावेदारों से आवेदन लेना प्रारंभ कर दिया है। कांग्रेस मुख्यालय से शनिवार को जारी बयान के अनुसार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, 2022 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी कार्यकर्ताओं से आवेदन लेना शुरू कर दिया है।

वहीं कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी यूपी चुनाव को लेकर राज्य के दौरे पर हैं। विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कांग्रेस में अंदरखाने चर्चा जोरों पर है। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, यूपी चुनाव प्रियंका गांधी की अगुवाई में लड़ा जाएगा।

Desk Team