सपा पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद वह सपरिवार रामलला के दर्शन करने जाएंगे। पार्टी के पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय की पत्नी चन्द्रावती पाण्डेय के तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में शिरकत करने आए यादव ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सपा के शासन काल में अयोध्या में बहुत विकास कार्य कराए गए है लेकिन जनता को कोई परेशानी नहीं हुई थी। आज बीजेपी के शासन काल में यहां हो रहे विकास कार्यों से जनता परेशान है।
भाजपा के कुशासन से आजाद करेगी सपा
उन्होंने दोहराया आज भी श्रीराम हमारे आदर्श हैं। हम रामचरित मानस को मानते हैं। अयोध्या में जब राम मंदिर बन जायेगा तो हम परिवार सहित दर्शन करने अवश्य आयेंगे। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर सपा उत्तर प्रदेश की जनता को भाजपा के कुशासन से मुक्ति दिलायेगी। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश एवं प्रदेश का आम जनमानस, नौजवान और किसान काफी परेशान है।

प्रदेश में बेरोजगारी को लेकर घेरा
बेरोजगारी बढ़ गई है। किसानों को उनकी उपज का लाभ नहीं मिल रहा है। भाजपा जनता से किये गये वादे को पूरा नहीं कर रही है। भाजपा संविधान को नहीं मानती है और सत्ता का दुरुपयोग कर विरोधी पार्टी के कार्यकर्ताओं के ऊपर केस दर्ज कराकर विपक्ष को दबाने का कार्य कर रही है। सपा महासचिव ने कहा कि भाजपा देश के कुछ पूंजीपतियों के लिये काम कर रही है।
जीएसटी से आम जनता परेशान
जीएसटी के चलते मध्यम वर्ग के व्यापारी काफी परेशान हैं। 2024 के लोकसभा के चुनाव में देश में भाजपा को हराने के लिये समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा कि किस पार्टी से गठबंधन किया जाय। इसके विकल्प खुले हैं।
मंगलवार को कोलकाता में सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में कांग्रेस पार्टी दूरी बनाये रखने के सवाल पर उन्होंने कहा कि समय आने पर इसका निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत ही खराब है एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की भी स्थिति ठीक नहीं है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मीडिया में बने रहने के लिये अस्पतालों में छापा मारते रहते हैं।
बारिश से हुए नुकसान में किसानों को नहीं मिला मुआवजा
उन्होंने कहा कि बेमौसम हुई बरसात से अभी तक सरकार ने किसानों को कोई मुआवजा नहीं दिया, जबकि सपा शासन में तुरन्त मुआवजा मिल जाता था। श्री यादव जिला प्रवक्ता बलराम यादव के निवास वशिष्ठ कुंड अयोध्या भी गये। सपा प्रवक्ता बलराम यादव की माता का निधन हो गया था। उनकी माता को श्रद्धांजलि देने उनके निवास भी पहुंचे। इस अवसर पर पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय, निवर्तमान अध्यक्ष गंगा सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष श्यामकृष्ण श्रीवास्तव, सपा नेता छेदी सिंह, रमाकान्त यादव आदि सपा नेता मौजूद थे।



Download Android App
Download iOS App



