उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि स्वच्छता एवं सेनिटाइजेशन के जरिए केवल कोविड-19 ही नहीं, अपितु संक्रामक रोगों को भी काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने कोविड-19 के संक्रमण को नियंत्रित करने में निगरानी कार्य की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि निगरानी दलों की सक्रियता से संक्रमण को रोका जा सकता है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि निगरानी दलों के पास इन्फ्रारेड थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर तथा सैनेटाइजर अवश्य हो। उन्होंने निर्देश दिया कि कोविड-19 से बचाव के लिए लोगों को निरन्तर जागरुक किया जाए और उन्हें मास्क के अनिवार्य उपयोग तथा सामाजिक दूरी का पूरी तरह पालन करने के बारे में जानकारी दी जाए।
मुख्यमंत्री योगी ने कोविड-19 मरीजों के उपचार के लिए चिह्नित अस्पतालों और कोविड-19 के मरीजों के लिए चिह्नित नहीं किए गए अस्पतालों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में चिकित्सक समेत सभी चिकित्सा कर्मी मरीजों की पूरी देखभाल करें और सभी चिकित्सकीय संस्थाओं में ऑक्सीजन की उचित व्यवस्था हो। उन्होंने बाढ़ एवं टिड्डी दलों की समस्या से निपटने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिए।


Download Android App
Download iOS App



