उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य की जेलें अब अपराधियों के लिए मनोरंजन केंद्र नहीं हैं जबकि यह अब सुधार गृहों में तब्दील हो गई हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अपराधियों और माफियाओं पर सख्त रवैया अपना कर उनमें डर की भावना पैदा की है। मुख्यमंत्री रविवार शाम 126 करोड़ रुपये की लागत से बने संत कबीर नगर जिला जेल का उद्घाटन कर रहे थे। उन्होंने कहा, एक समय था जब सरकारें माफियाओं की गुलाम होती थीं, लेकिन आज उनके घरों पर बुलडोजर चलाती हैं।
समाजवादी पार्टी (एसपी) और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की सरकारों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, क्या आपको ‘अब्बा जान’ और ‘बहनजी’ सरकारों के दौरान निर्बाध बिजली और नियमित राशन मिला? तब राज्य अंधेरे में डूबा हुआ था। पिछले साढ़े 4 साल में यूपी में भूख से कोई मौत नहीं हुई है। हवाई चप्पल पहनने वाले और किसानों के बेटे अब हवाई यात्रा करेंगे। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए कहा, इसके शासन में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और माफिया हावी थे।
मोदी सरकार ने 135 करोड़ लोगों को विकास दिया और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के एजेंडे के साथ काम किया। उन्होंने कहा कि संत कबीर नगर जिले को अस्तित्व में आए 24 साल हो गए, लेकिन कोई विकास नहीं हुआ। केवल राजनीति से प्रेरित घोषणाएं की गईं, भ्रष्टाचार, जातिवाद और भाई-भतीजावाद के कारण जमीन पर कुछ भी नहीं निकला। पिछले साढ़े चार साल में नाटकीय बदलाव आया है और जिला अब विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।


Download Android App
Download iOS App



