उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के थाना बरसाना क्षेत्र में शुक्रवार को दुष्कर्म में नाकाम होने पर चार युवकों ने एक महिला को जहर पिला दिया जिससे देर रात अस्पताल में महिला की मौत हो गई। महिला के पति ने गांव के ही चार लोगों पर आरोप लगाया है।
महिला के पति ने पुलिस से कहा है कि जब वह शुक्रवार को सत्संग में गया हुआ था तभी गांव के चार लोग उसके घर में घुस गए और उसकी पत्नी के साथ जबर्दस्ती करने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने बताया कि विरोध करने पर उन्होंने उसे कुछ जहरीला पदार्थ पिला दिया और उसकी पत्नी ने मरने से पहले स्वयं उसे यह बात बतायी थी।
उसका आरोप है कि उन लोगों ने दुष्कर्म के प्रयस की वीडियो क्लिपिंग भी बनाई ताकि बाद में उसे ब्लैकमेल कर सके। पति के हवाले से पुलिस ने बताया कि उनलोगों ने पत्नी के विरोध करने पर उसे जहर देकर मार डाला। उन्होंने बताया कि पति की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और उसका कहना है कि महिला ने स्वयं जहर खाया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आदित्य प्रकाश शुक्ला का कहना है कि पति की तहरीर मिल गई है। 40 वर्षीय महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि अभी जो बात सामने आ रही है उसके मुताबिक महिला की मृत्यु जहर खाने से ही हुई है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



