मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में उत्तराखंड निवास परिसर में ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के आउटलेट का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में उत्पादित प्राकृतिक और हस्तनिर्मित वस्तुओं को वैश्विक पहचान दिलाना है। यह आउटलेट राष्ट्रीय राजधानी में उत्तराखंड की पारंपरिक विरासत और जैविक उत्पादों को संगठित रूप में पेश करने का सशक्त माध्यम बनेगा। इसके जरिए न केवल राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति को देश तक पहुंचाया जाएगा, बल्कि स्थानीय उत्पादों को नए बाजार भी मिलेंगे।
सरकार के विजन का परिणाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य सरकार के विजन का परिणाम है, जिसका उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में उत्पादित प्राकृतिक और हस्तनिर्मित वस्तुओं को वैश्विक पहचान दिलाना है। सीएम ने कहा, “इस कदम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को नए अवसर भी मिलेंगे।” चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने नैनी सैनी एयरपोर्ट, पंतनगर एयरपोर्ट, देहरादून हेलीपैड, जीएमवीएन श्री केदारनाथ, बद्रीनाथ, हर्षिल, गुप्तकाशी, कौड़ियाला, मसूरी, परमार्थ निकेतन (ऋषिकेश), स्नो क्रेस्ट (बद्रीनाथ), एटीआई (नैनीताल) और सेंट्रिया मॉल जैसे तीर्थस्थलों और पर्यटन स्थलों पर स्थानीय उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए 13 से अधिक प्रमुख स्थानों पर आकर्षक फ्लोर स्टैंडिंग यूनिट और रिटेल ठेले स्थापित किए हैं।
आकर्षण का केंद्र
ये रिटेल ठेले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। इसके अलावा मैरियट मसूरी, ताज देहरादून, एफआरआई और एलबीएसएनएए जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों और राष्ट्रीय राजधानी स्थित दिल्ली हाट में भी रिटेल ठेले लगाने की प्रक्रिया चल रही है। यह पहल न केवल स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रही है, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शिल्पकला को भी मजबूती से पेश कर रही है। सचिव ग्राम्य विकास राधिका झा ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालय’ ब्रांड ने कम समय में ही अपनी गुणवत्ता के आधार पर विशेष पहचान बनाई है।


Download Android App
Download iOS App




