Haridwar SDRF Rescue Viral Video: कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार हरिद्वार के कांगड़ा घाट से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। उत्तराखंड पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के नोएडा का रहने वाला एक शिवभक्त हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। स्नान के दौरान अचानक उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह गंगा की तेज धारा में बहने लगा। तेज बहाव की वजह से वह खुद को संभाल नहीं सका और मदद के लिए आवाज लगाने लगा। घाट पर मौजूद लोगों ने यह सीन देखा तो अफरा-तफरी मच गई।
ऐसे में घटना होते ही वहां ड्यूटी पर तैनात उत्तराखंड पुलिस की SDRF टीम तुरंत एक्टिव हो गई। एक जवान ने बिना समय गंवाए गंगा में छलांग लगा दी। तेज बहाव के बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और तेजी से तैरते हुए श्रद्धालु तक पहुंच गया। जवान ने पहले श्रद्धालु को संभाला और फिर उसे मजबूती से पकड़कर धीरे-धीरे किनारे की ओर लाने लगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
ऐसे में जब SDRF जवान श्रद्धालु को लेकर किनारे के करीब पहुंचा, तब वहां मौजूद टीम के दूसरे जवान भी मदद के लिए आगे आए। सभी ने मिलकर दोनों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। काफी मेहनत के बाद श्रद्धालु की जान बचा ली गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते रेस्क्यू होने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
वहीं इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि SDRF जवान तेज धारा का सामना करते हुए किस तरह अपनी जान की परवाह किए बिना श्रद्धालु तक पहुंचता है। इसके बाद वह उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहता है। वीडियो देखने के बाद लोग जवान की बहादुरी की खूब सराहना कर रहे हैं।
नोएडा (उ.प्र) निवासी शिवभक्त हरिद्वार स्थित कांगड़ा घाट पर नहाने के दौरान गंगा के तेज बहाव में बहने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद #UttarakhandPolice SDRF जवान ने तत्काल गंगा में कूदकर कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल बचा लिया।#KanwarYatra2026#kanwaryatra pic.twitter.com/MDDb9lRd2Z
— Uttarakhand Police (@uttarakhandcops) July 30, 2026
लोगों ने SDRF जवान को बताया असली हीरो
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने SDRF जवान को असली हीरो बताया है। यूजर्स का कहना है कि जवान ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक अनजान व्यक्ति की जिंदगी बचाई। कई लोगों ने इसे इंसानियत और कर्तव्य का शानदार उदाहरण बताया। वहीं, कुछ लोगों ने उत्तराखंड पुलिस और SDRF टीम की तेज कार्रवाई और बेहतरीन टीमवर्क की भी प्रशंसा की।
इस घटना के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा स्नान करते समय पूरी सावधानी रखें। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। अगर किसी भी तरह की परेशानी हो तो तुरंत मौके पर मौजूद पुलिस या SDRF टीम से मदद लें।
यह भी पढ़ें: हल्द्वानी हिंसा मामले में अब्दुल मलिक को राहत, सुप्रीम कोर्ट का सवाल- ‘थाना जलने पर UAPA कैसे?’



Download Android App
Download iOS App




