हरिद्वार में शहीद लेफ्टिनेंट नरवाल की अस्थियां गंगा में विसर्जित, परिवार ने दी अंतिम विदाई

Summary :

हर की पैड़ी पर शहीद विनय नरवाल को श्रद्धांजलि

हरिद्वार में शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की अस्थियां गंगा में विसर्जित की गईं। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य और पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने ‘शहीद विनय अमर रहें’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारे लगाए। विनय नरवाल की हाल ही में शादी हुई थी और वह कश्मीर में छुट्टी मना रहे थे।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में हरियाणा के करनाल निवासी भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल भी शहीद हो गए थे। हरिद्वार में शुक्रवार को हर की पैड़ी पर विनय नरवाल की अस्थियां विधिवत पूजा-पाठ के साथ गंगा में विसर्जित की गईं। इस दौरान शहीद के पिता राजेश नरवाल, उनके मामा और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और भाजपा कार्यकर्ता भी इस अवसर पर हर की पैड़ी घाट पर पहुंचे और शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। घाट पर मौजूद लोगों ने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की और ‘शहीद विनय अमर रहें’ तथा ‘भारत माता की जय’ के जयकारे लगाए। अस्थि विसर्जन के बाद शहीद के पिता राजेश नरवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मेरा बेटा तो शहीद हो गया, लेकिन दुआ है कि भविष्य में किसी और के घर ऐसा हादसा न हो। इस दौरान हर की पौड़ी पर मौजूद सभी श्रद्धालुओं की आंखें नम थीं। इस दौरान राजेश नरवाल ने इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़े रहने के लिए देशवासियों को धन्यवाद दिया।

हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियां जोरों पर, सेना बर्फ हटाने में जुटी

उन्होंने आगे कहा कि मैं भारत सरकार से सिर्फ इतना चाहता हूं कि मेरा बेटा तो शहीद हो गया, लेकिन भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए पुख्ता कदम उठाए जाने चाहिए। बता दें कि विनय नरवाल की घटना से करीब एक हफ्ते पहले ही शादी हुई थी। विनय नरवाल अपनी पत्नी के साथ कश्मीर में छुट्टी मनाने गए थे। इस समय उनकी पोस्टिंग कोच्चि में थी। वह दो वर्ष पहले ही नौसेना में भर्ती हुए थे। ज्ञात हो कि 24 अप्रैल को कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने विनय नरवाल के परिजनों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया था। दोनों नेताओं ने इस जघन्य अपराध के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी और सरकार से अपराधियों को सजा दिलाने का आह्वान किया था।

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने विनय नरवाल के परिवार से मुलाकात के दौरान कहा था, “यह घटना न केवल करनाल के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी क्षति है। विनय नरवाल ने अपने परिवार और समाज के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनका जीवन उपलब्धियों से भरा था। इस घिनौनी वारदात ने हर देशवासी की आत्मा को झकझोर दिया है। हम सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि देश इस हमले का करारा जवाब देगा। वहीं, विनय नरवाल के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने पहुंचे राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने भी इस घटना को अमानवीय और बर्बर बताया था। उन्होंने कहा था, “यह बहुत ही दुखद और शर्मनाक घटना है। देश के दुश्मनों ने इस कायरतापूर्ण हमले को अंजाम दिया है। सरकार इस हमले का कड़ा जवाब देगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.