Uttarakhand: नाबालिग से दुष्कर्म, हिरासत में लिया गया 76 साल का आरोपी

Summary :

नैनीताल में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, आरोपी हिरासत में

उत्तराखंड के नैनीताल में एक 76 वर्षीय बुजुर्ग पर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने प्रदर्शन किया और पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड के नैनीताल में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। दुष्कर्म का आरोप 76 वर्षीय बुजुर्ग पर लगा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

देर रात तक इस घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कई लोगों ने पथराव और तोड़फोड़ की घटना को भी अंजाम दिया। यही नहीं, आक्रोशित लोगों ने यहां तक कह दिया कि जब तक इस मामले में संलिप्त आरोपी के खिलाफ पुलिस की तरफ से कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती है, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों से बात की और उन्हें आश्वस्त किया कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने समझाया, उन्हें शांत करवाया और उन्हें आश्वस्त किया कि पीड़िता को जरूर न्याय मिलेगा।

वहीं, पीड़िता के परिजनों ने भी पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी नैनीताल लोक निर्माण विभाग सहित अन्य सरकारी विभागों में ठेकेदारी का काम करता था। वह पिछले तीन महीने से नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर रहा था। इस घटना की वजह से लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की तरफ से सभी संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया, ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे।

एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।

चार धाम यात्रा का शुभारंभ, 22 लाख श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.