राजस्थान अपने रंग-बिरंगे पहनावे और लजीज खाने के अलावा अपनी ऐतिहासिक इमारतों के लिए वर्ल्ड फेमस है। राजस्थान की धरती पर ना जाने कितने शूरवीरों का जन्म हुआ था। यहां बहुत सारे महल, प्राचीन मंदिर और मकबरा देखने को मिलते है। मगर कई बार संरक्षण और देखरेख के अभाव में इमारतें जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच जाती है।

राजस्थान के नागौर जिले में भी ऐसा ही 500 वर्ष पुराना एक मकबरा ढ़हने की कगार पर पहुंच गया है। उसकी वजह ये है कि मकबरे का संरक्षण मरम्मत कार्य नहीं हुआ है। दरअसल, जिला मुख्यालय पर सैयद सैफुद्दीन जीलानी रोड पर 800 साल से भी अधिक पुरानी बड़े पीर साहब की दरगाह है। इस दरगाह में पांच सौ साल से भी अधिक पुराना एक मकबरा बना हुआ है जो इस समय बहुत ही जर्जर हालत में है।

मकबरे के बारे में दरगाह के सज्जादा नशीन सैयद सदाक़त अली जीलानी ने बताया कि इस मकबरे को काला गुम्बद के नाम से भी जाना जाता है। इस मकबरे काला गुम्बद में कुल पांच मज़ार है, जिसमें से एक मज़ार नागौर के तत्कालीन गर्वनर शमसुद्दीन खान दनदानी और उनकी की पत्नी, बेटी और दो बेटों के मज़ार हैं।

जीलानी ने बताया कि बरसात के दिनों में इस मकबरे के गिरने का काफी डर लगा रहता है। अगर ये मकबरा गिरा तो इसके पास बने ऐतिहासिक और गुम्बद भी क्षतिग्रस्त होंगे इससे जान-माल का नुकसान हो सकता है क्योंकि यहां उर्स मेले होते ही रहते हैं। उस वक्त यहां भारी संख्या में लोग मौजूद होते हैं।

इस बारे में राज्य सरकार को बताने को लेकर सज्जादा नशीन सैयद सदाक़त अली जीलानी ने बताया कि उन्होंने मकबरे की मरम्मत के लिए कई बार राजस्थान सरकार और नागौर प्रशासन को चिट्टी लिखकर सूचना दी जा चुकी है लेकिन न तो राजस्थान सरकार ने ओर न ही नागौर प्रशासन ने मकबरे की मरम्मत को लेकर कोई ध्यान दिया है।


Download Android App
Download iOS App



