गुरुग्राम में चलती कार की छत पर डांस और पुश-अप करता दिखा शख्स, पुलिस ने कुछ ऐसे सिखाया सबक

Summary :

एक मामला गुरुग्राम से आया है, जिसमें एक शख्स चलती हुई कार पर पुश-अप करता हुआ नजर आया। गुरुग्राम में एक चलती कार की छत पर चार लोगों के शराब पीने, नाचने और पुश-अप करने के मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में आए दिन अजीबो-गरीब घटनाएं देखने को मिल ही जाती है। कोई बीच बाजार नाचने लगता है तो कोई सड़क पर ही स्टंट करता दिखाई देता है। इतना ही नहीं कुछ लोग तो अपनी जान की परवाह किए बिना तेज रफ्तार में गाड़ी भगाते नजर आते हैं। मगर इस बार तो एनसीआर में ऐसा नजारा देखने को मिला जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी।
आज तक आपने लोगों को जिम में या अपने घरों में, कमरों में, ज्यादा से ज्यादा छत पर पुश-अप करते देखा होगा। मगर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक शख्स कार की छत पर पुश-अप करता नजर आया। ये मामला गुरुग्राम से सामने आया है, जहां एक शख्स चलती हुई कार पर पुश-अप करता हुआ नजर आया। इस वीडियो के सामने आते ही पुलिस भी एक्शन में आ गई।
बता दें कि गुरुग्राम में एक चलती कार की छत पर चार लोगों के शराब पीने, नाचने और पुश-अप करने के मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के दो वीडियो ऑनलाइन सामने आए थे जिसके बाद शहर की पुलिस एक्शन में आ गई। पुलिस ने इस मामले में कार के मालिक पर 6,500 रुपये का जुर्माना लगाया है। 

वायरल वीडियो में आप देख सकते है कि चलते हुए अल्टो कार के ऊपर एक शख्स चढ़ गया है और पुश-अप लगाने लगता है। वहीं कार में बैठे अन्य दोस्त कार के खिड़की से बाहर निकल आते हैं और उसे और अधिक पुश-अप लगाने के लिए उकसाने लगते हैं। कुछ ही सेकेंड में वो व्यक्ति पुश-अप लगाने के लिए कार के छत पर ही बैठ जाता है और नाचने लगता है।
पीछे से आने वाले एक राहगीर ने एक वीडियो बना लिया और फिर ट्विटर पर शेयर किया था। वीडियो को शेयर करते हुए उस शख्स ने लिखा, “उन्हें न किसी की जान का डर है और न ही गुड़गांव ट्रैफिक पुलिस का।” पुलिस को टैग करने के साथ उस शख्स ने गाड़ी का नंबर भी शेयर किया था ताकि पुलिस ने इन लोगों को आसानी से पकड़ पाए।
इस मामले में गुरुग्राम की ट्रैफिक पुलिस ने कहा, “उल्लंघनकर्ता के खिलाफ 6,500 रुपये का चालान काटा गया है। उन्होंने आगे कहा, हम सड़क पर चलने वाले सभी लोगों से अनुरोध करते हैं कि यातायात नियमों का उल्लंघन करके अपनी तथा दूसरों की जान खतरे में ना डालें।” ये वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है लोग इस पर अपने रिएक्शन भी दे रहे हैं।

Desk Team