Haryana Shocking Viral Video: हरियाणा के करनाल स्थित केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के आवासीय परिसर में शुक्रवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। संस्थान में कार्यरत एक वैज्ञानिक के घर में घुसकर स्कूल वैन चालक ने बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला का गला दबाकर हत्या करने और लूटपाट की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों की सतर्कता के चलते उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इस मामले में संस्थान में वैज्ञानिक पद पर कार्यरत डॉ. अमरेश चौधरी ने रामनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, डॉ. चौधरी का ढाई साल का बेटा कैम्ब्रिज मोंटेसरी पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। कृष्णकांत नाम का व्यक्ति स्कूल वैन चलाता था और रोजाना बच्चे को स्कूल छोड़ने और लाने का काम करता था। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे डॉ. चौधरी की 62 वर्षीय मां सुमन देवी घर में अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी कृष्णकांत दीवार फांदकर उनके क्वार्टर में घुस गया। उसने पहले घर की घंटी बजाई और महिला को झूठी जानकारी दी कि उनके पोते की तबीयत खराब हो गई है और उसके कपड़े बदलने हैं।
Haryana Shocking Viral Video: शौचालय का बहाना बनाकर घर में घुसा आरोपी
महिला ने जब दरवाजा खोला तो आरोपी ने शौचालय इस्तेमाल करने की बात कही। भरोसा जीतने के बाद वह घर के अंदर चला गया। शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद जब वह बाहर आया तो उसने जेब से कपड़ा निकालकर पीछे से सुमन देवी पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला का गला दबाकर उन्हें मारने की कोशिश की। साथ ही उनके गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास भी किया। संघर्ष के दौरान महिला के चेहरे, सिर और गले पर गंभीर चोटें आईं। महिला लगातार मदद के लिए चिल्लाती रहीं।
पड़ोसियों ने दिखाई बहादुरी
महिला की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले डॉ. असीम दत्ता और माण्डवी यादव तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर आरोपी घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि भागते समय संस्थान की बाहरी दीवार पर लगे सुरक्षा तारों में उसका हाथ फंस गया। इस मौके का फायदा उठाकर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
रामनगर थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है, जिससे जांच में मदद मिलेगी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी पहले से किसी साजिश के तहत आया था या नहीं। घटना के बाद संस्थान परिसर में दहशत का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: ‘या अल्लाह, मुझे बचाओ…’, अहमदाबाद में गौहत्या के मुस्लिम आरोपी पर पुलिस ने बरसाए डंडे, देखें वायरल VIDEO


Download Android App
Download iOS App




