अमेरिका में अश्वेत नागरिक की मौत के बाद दुनियाभर में रंगभेद के खिलाफ आंदोलन शुरू हो गया है। इस बीच हिंदुस्तान यूनिलीवर ने गोरेपन की क्रीम के नाम से प्रचारित अपनी फेयरनेस क्रीम ‘फेयर एंड लवली’ के नाम से ‘फेयर’ हटाने की घोषणा की है। सोशल मीडिया पर रंगभेद को लेकर लोगों का गुस्सा गोरा बनाने वाले उत्पादकों पर भी निकल रहा है।
कंपनी ने बीएसई को गुरुवार को यह जानकारी दी कि क्रीम को नया नाम नियामक की मंजूरी के बाद दिया जाएगा। अगले कुछ महीने में कंपनी ने क्रीम का नाम बदले जाने की उम्मीद जतायी है। कंपनी ने कहा कि सौंदर्य को व्यापक रुप में लेने के ब्रांड के फैसले के तहत यह कदम उठाया गया है। कंपनी त्वचा के सभी रंगों को एक समान महत्व देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कंपनी ने बताया कि ब्रांड ने क्रीम के लाभ से गोरेपन को पिछले साल की शुरूआत से ही प्रचारित करना बंद कर दिया था। अब इसके प्रचार में चमक, समान स्किन टोन, स्किन क्लैरिटी आदि के नाम लिए जाते हैं। फेयर एंड लवली के पैकेट से त्वचा की रंगत को कम करने वाला चित्र भी हटा दिया गया है।
गौरतलब है कि अमेरिका में अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद से ही पूरी दुनिया में नस्लीय मानसिकता को लेकर बहस छिड़ गई है। विश्व में कई जगहों पर ‘Black Lives Matter’ जैसे मूवमेंट चलाए जा रहे हैं। आम नागरिक से लेकर सेलिब्रिटीज तक इस मूवमेंट से जुड़े है।


Download Android App
Download iOS App



