‘वंदे भारत’ में टॉयलेट करना शख्स को पड़ा मंहगा, चुकानी पड़ी 6000 रुपये की कीमत, जानिए क्या है माजरा?

Summary :

हैदराबाद से अपने गृहनगर सिंगरौली जा रहे एक शख्स को प्लेटफॉर्म पर वंदे भारत ट्रेन खड़ी मिली। उसे टॉयलेट जाना था, इसलिए वो वंदे भारत में चढ़ गया। जब वो टॉयलेट करके बाहर आया तो उसके होश उड़ गए।

रेलवे स्टेशन पर अक्सर ही लोग अपनी ट्रेन का इंतजार करते हैं। इस दौरान कई बार लोगों को टॉयलेट जाना होता है, तो वो लोग अक्सर ही प्लेटफॉर्म पर खड़ी दूसरी किसी ट्रेन में चढ़ जाते हैं। ऐसा ही नजारा हाल ही में देखने को मिला। हैदराबाद से अपने गृहनगर सिंगरौली जा रहे एक शख्स को टॉयलेट जाना था, ऐसे में वो शख्स प्लेटफॉर्म पर खड़ी वंदे भारत ट्रेन में चढ़ गया। मगर जब वो टॉयलेट करके बाहर आया जब तक ट्रेन के दरवाजे बंद हो चुके थे और गाड़ी खुल चुकी थी।
दरअसल, हाल ही में अब्दुल कादिर नाम का एक शख्स अपनी पत्नी और बेटे के साथ मध्य प्रदेश के सिंगरौली में स्थिति अपने गांव जा रहा था। अब्दुल अपने परिवार के साथ हैदराबाद में रहता है,जहां उसकी एक ड्राई फ्रूट की शॉप है। ये लोग हैदराबाद से भोपाल के लिए निकले थे, भोपाल रेलवे स्टेशन से इन्हें सिंगरौली के लिए एक दूसरी ट्रेन पकड़नी थी।
भोपाल रेलवे स्टेशन पर ये लोग अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। मगर तभी अब्दुल को टॉयलेट जाना था, वो अपने परिवार को प्लेटफॉर्म पर छोड़कर सामने खड़ी वंदे भारत ट्रेन में ही टॉयलेट करने के लिए चढ़ गया। मगर जब तक वो टॉयलेट करके बाहर आया तो उसके होश ही उड़ गए। अब्दुल ने देखा कि ट्रेन के दरवाजे बंद हो चुके हैं और ट्रेन स्टेशन से चल चुकी है।
इसके बाद वो हेल्प मांगने के लिए वंदे भारत के अलग-अलग बोगी में मौजूद टीटी और 4 पुलिस कर्मियों के पास गया। मगर सभी ने यही कहा कि इस ट्रेन के दरवाजे सिर्फ ड्राइवर ही खोल सकता है। फिर क्या था अब्दुल को बिना टिकट वंदे भारत ट्रेन में यात्रा करने के लिए 1,020 रुपये का जुर्माना भरना पड़ा। इतना ही फिर उसे भोपाल से सिंगरौली जाने के लिए दक्षिण एक्सप्रेस ट्रेन में जो टिकट बुक कराया था, उसको भी कैंसिल कराना पड़ा।
इसके बाद अब्दुल वंदे भारत से अगले स्टेशन पर उतरा और फिर वहां से उसने भोपाल स्टेशन पर अपने परिवार के पास वापस जाने के लिए उज्जैन से 750 रुपये में बस ली। वंदे भारत ट्रेन में टॉयलेट करने की गलती की वजह से अब्दुल को 6,000 रुपये का चूना लग गया। अपने सिर्फ टॉयलेट जाने की वजह से अब्दुल को इतना नुकसान हो जाएगा। इस बारे में तो उसने कभी नहीं सोचा होगा।

Desk Team