शादी का एक गजब ही मामला मध्य प्रदेश से सामने आया है। जहां पुलिसवाले बराती बने और शादी होने के बाद दुल्हे को अपने साथ ले गए। ये सुनकर आपको अक्षय कुमार की फिल्म जॉली एलएलबी 2 की याद आ गई होगी। उस फिल्म में भी कुछ ऐसा ही दिखाया गया था। मगर अब असल जिंदगी में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। मध्य प्रदेश के सतना जिले में पुलिस ने एक कैदी की पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी करवाई।

दरअसल, दुल्हे विक्रम चौधरी शराब तस्करी के मामले में कुछ दिन पहले पुलिस ने गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। उसकी शादी पहले से तय थी, इसलिए कोर्ट से गुहार लगाई। कोर्ट ने आवेदन स्वीकार कर लिया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को पुलिस के साये में बारात निकली। पुलिसकर्मी बाराती बने। रातभर शादी की रस्में निभाने के बाद सुबह विदाई हुई। विदाई के बाद दुल्हन ससुराल और दूल्हा जेल के लिए रवाना हो गया।

ये मामला सतना जिले का है जहां पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में 14 मई को विक्रम चौधरी और उसके पिता ददन चौधरी निवासी घूरडांग को गिरफ्तार किया गया था। विक्रम ने कोर्ट को बताया कि ‘मेरा रिश्ता मैहर के करवा गांव में तय हुआ है। शादी की तारीख 16 मई है, लेकिन इससे पहले ही 14 मई को कोलगवां पुलिस ने मुझे और मेरे पिता को शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर लिया। हमें जेल भेज दिया गया।’

विक्रम का कहना था कि दोनों पक्षों की तरफ से शादी की पूरी तैयारी हो चुकी है। कार्ड भी बांटे जा चुके हैं, ऐसे में शादी कैंसिल करना मुश्किल है। इस कारण शादी के लिए अनुमति दी जाए। ऐसे में कोर्ट ने विक्रम को शादी की इजाजत तो दे दी लेकिन उसे शादी के लिए पुलिस सुरक्षा में ले जाने और फिर दोबारा जेल भेजने का आदेश दे दिया। विक्रम की शादी की इस समय पूरे सतना में चर्चा में बनी हुई है।


Download Android App
Download iOS App



