धरती पर लौटीं Sunita Williams, Anand Mahindra ने 2023 का खास मोमेंट साझा किया

Summary :

महिंद्रा ने सुनीता विलियम्स के साहस की प्रशंसा करते हुए दी बधाई

सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी पर आनंद महिंद्रा ने एक्स पर बधाई दी। सुनीता ने 286 दिन अंतरिक्ष में बिताए। महिंद्रा ने अपनी पुरानी मुलाकात को याद करते हुए उनके साहस की प्रशंसा की। इंटरनेट पर लोगों ने उनकी पोस्ट पर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दीं।

आनंद महिंद्रा दुनिया भर के साथ-साथ अंतरिक्ष में हो रही महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी ध्यान देते हैं। जब 19 मार्च 2025 को सुनीता विलियम्स अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से पृथ्वी पर वापस आईं, तो महिंद्रा ने उन्हें बधाई देने के लिए एक्स पर एक संदेश साझा किया। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सुरक्षित वापसी के बाद उन्हें राहत महसूस हुई। इंटरनेट पर कई लोगों ने उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। भारतीय मूल की सुनीता जून 2024 में बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान से अंतरिक्ष में गई थीं। हालांकि उन्हें वहां केवल 8 दिन रहना था, लेकिन कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण उनकी वापसी में देरी हुई और उन्हें अंतरिक्ष में 286 दिन बिताने पड़े। इस दौरान वह अपने साथी बुच विल्मोर के साथ थीं।

एक्स पर आनंद महिंद्रा ने अपने एक पुराने ट्वीट को री-पोस्ट करते हुए लिखा- ‘जब स्पेसएक्स ने रेस्क्यू मिशन लॉन्च किया, तो मुझे वाशिंगटन में @Astro_Suni (सुनीता विलियम्स) के साथ लगभग 2 साल पहले हुई अचानक मुलाकात याद आ गई। कुछ घंटों पहले ही उन्हें, उनके साथियों के साथ धरती पर वापस आते हुए देखना, बहुत ही राहत की बात थी। वह साहस की एक मिसाल है और उनका हमारे बीच वापस पाकर अच्छा लगा। स्वाग्तम सुनीता!’

आनंद महिंद्रा ने इससे पहले 25 जनवरी 2023 को सुनीता विलियम्स से वाशिंगटन में मुलाकात होने पर पोस्ट शेयर किया था। यह पोस्ट उनकी, मुकेश अंबानी और सुनीता विलियम्स की एक सेल्फी थी जिसे उन्होंने “मुझे लगता है कि इसे वे ‘वाशिंगटन मोमेंट’ कहेंगे” कैप्शन के साथ साझा किया था।

उन्होंने लिखा -“कल टेक हैंडशेक मीटिंग के बाद, मुकेश अंबानी, वृंदा कपूर और मैं कॉमर्स सेक्रेटरी के साथ बातचीत जारी रख रहे थे और अगले लंच इंगेजमेंट के लिए ग्रुप शटल बस से चूक गए। हम उबर को कॉल करने की कोशिश कर रहे थे, तभी हमारी मुलाकात नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स से हुई। सेल्फी का समय हो गया और हमने यह भी पूछा कि क्या हम उबर की जगह उनके स्पेस शटल पर सवारी कर सकते हैं?”

इस पोस्ट पर यूजर्स बड़ी तादाद में अपने रिएक्शन दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- ‘ऐसी कहानियां हमें अन्वेषण की शक्ति और सीमाओं को पार करने वाली की बहादुरी की याद दिलाती हैं’ वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि ‘सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी देखकर बहुत खुशी हुई…उनका साहस और रिकॉर्ड तोड़ अंतरिक्ष यात्राएं वास्तव में प्रेरणादायी हैं!’

Team Desk