बाल खींचे, जमीन पर लिटाकर पीटा! बुकिंग रद्द होने पर महिला मसाज थैरेपिस्ट ने कस्टमर से की मारपीट, वायरल हुआ VIDEO

Summary :

Urban Company Controversy Mumbai: मुंबई के वडाला इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। एक महिला ने अर्बन कंपनी ऐप के जरिए मसाज सेवा बुक की थी, लेकिन बुकिंग रद्द होने के बाद कथित तौर पर मसाज थैरेपिस्ट ने महिला के साथ मारपीट कर दी। इस मामले में पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। Urban Company Controversy Mumbai: मसाज सेवा बुक करने से शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, 46…

Urban Company Controversy Mumbai: मुंबई के वडाला इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। एक महिला ने अर्बन कंपनी ऐप के जरिए मसाज सेवा बुक की थी, लेकिन बुकिंग रद्द होने के बाद कथित तौर पर मसाज थैरेपिस्ट ने महिला के साथ मारपीट कर दी। इस मामले में पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Urban Company Controversy Mumbai: मसाज सेवा बुक करने से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, 46 वर्षीय महिला अपने बेटे के साथ वडाला में रहती हैं। वे लंबे समय से फ्रोजन शोल्डर की समस्या से परेशान थीं। दर्द से राहत पाने के लिए उन्होंने अर्बन कंपनी ऐप के माध्यम से घर पर मसाज सेवा बुक की। तय समय पर महिला थैरेपिस्ट उनके घर पहुंची। हालांकि, थैरेपिस्ट का व्यवहार और उसके साथ लाया गया बड़ा मसाज बेड देखकर महिला असहज हो गईं। उन्हें स्थिति ठीक नहीं लगी, जिसके बाद उन्होंने मसाज सेशन रद्द करने का फैसला किया और ऐप के जरिए रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी।

Urban Company Controversy Mumbai (Image- Social Media)
Urban Company Controversy Mumbai (Image- Social Media)

Urban Company Assault Case: गाली-गलौज से हाथापाई तक पहुंचा मामला

पीड़िता के मुताबिक, सेशन रद्द होने से थैरेपिस्ट नाराज हो गई। पहले उसने महिला के साथ गाली-गलौज की और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि थैरेपिस्ट ने महिला के बाल खींचे, चेहरे पर मुक्के मारे और खरोंचें डालीं। इतना ही नहीं, पीड़िता को जमीन पर धक्का भी दिया गया। जब महिला का बेटा बीच-बचाव के लिए आगे आया, तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। अचानक हुई इस घटना से मां-बेटा दोनों घबरा गए।

Urban Company Viral Fight Video: पुलिस को दी गई सूचना, आरोपी फरार

घटना के दौरान पीड़ित महिला ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 पर कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी थैरेपिस्ट वहां से फरार हो चुकी थी। इसके बाद पीड़िता ने वडाला पुलिस स्टेशन जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है।

Urban Company Controversy Mumbai (Image- Social Media)
Urban Company Controversy Mumbai (Image- Social Media)

वायरल वीडियो से बढ़ा मामला

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में थैरेपिस्ट का आक्रामक व्यवहार साफ देखा जा सकता है। वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा है और कई यूजर्स अर्बन कंपनी की सुरक्षा और कर्मचारियों की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।

Urban Company Controversy Mumbai (Image- Social Media)
Urban Company Controversy Mumbai (Image- Social Media)

अर्बन कंपनी की चुप्पी और पीड़िता की उम्मीद

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ऐप में थैरेपिस्ट की पहचान से जुड़ी कुछ तकनीकी दिक्कतें थीं, जिन्हें बाद में ठीक किया गया। हालांकि, इस पूरे मामले पर अर्बन कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पीड़िता का कहना है कि इस घटना से वे शारीरिक और मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस ने भी भरोसा दिलाया है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें: ₹13,70,00,000 की घड़ी, समय में छुपी पूरी कहानी! Jacob एंड कंपनी ने अनंत अंबानी को समर्पित की ये खास Watch

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।