205 फीट ऊंचे Roller Coaster से पैदल उतरकर आए लोग, अचानक बीच हवा में खराब हुआ झूला

Summary :

अमेरिका के ओहियो में एक मनोरंजन पार्क में मैकैनिकल समस्या के कारण रोलर कोस्टर अचानक 200 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर हवा में ही रुक गया। बुरे सपने जैसी घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसे देखकर लोगों का डर से कांप रहे हैं।

साल 1989 में मैग्नम XL-200 रोलर कोस्टर की शुरुआत हुई थी और ये दुनिया का “सबसे तेज़” पूर्ण सर्किट कोस्टर था। रोलर कोस्टर की गिनती सबसे खतरनाक राइड में होती है इसके बावजूद लोग इस राइड का मजा लेने के लिए बेकरार रहते हैं। रोलर कोस्टर के अचानक खराब होने की कई खबरें आए दिन सामने आती रहती हैं। हाल ही में ऐसी एक घटना अमेरिका में देखने को मिली। 
दरअसल, अमेरिका के ओहियो में एक एम्यूज़मेंट पार्क में मैकैनिकल समस्या के कारण रोलर कोस्टर अचानक 200 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर हवा में ही रुक गया। बुरे सपने जैसी घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसे देखकर लोगों का डर से कांप रहे हैं। ये हैरान करने वाली घटना 31 जुलाई को सैंडुस्की के सीडर पॉइंट पर मैग्नम एक्सएल-200 रोलर कोस्टर पर हुई। 
गौर करने वाली बात ये है कि सैंडुस्की के सीडर पॉइंट पर मैग्नम एक्सएल-200 रोलर कोस्टर 205 फीट ऊंचा है। इसी के चलते इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। रोलर कोस्टर के हवा में रूक जाने की वजह से लोगों को 200 फुट से अधिक लंबे रोलर कोस्टर से सीढ़ियों से नीचे उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि लोग पैदल ही उतर रहे हैं। 

वहीं, इस घटना को लेकर सीडर प्वाइंट के संचार निदेशक टोनी क्लार्क ने बताया कि ये हादसा “मानक सवारी रोक” के कारण हुआ, जिसकी वजह से लोगों को इतनी ऊंचाई से पैदल चलकर नीचे उतरना पड़ा। इसी के साथ उन्होंने कहा कि ये एक “चेक इंजन लाइट” सिचुएशन थी जिसका मतलब होता है कि रोलर कोस्टर को तुरंत फिर से शुरू नहीं किया जा सकता।
हवा में रोलर कोस्टर के रूकने का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले ब्रिटेन में भी ऐसी ही एक घटना देखने को मिली थी। जहां एक मनोरंजन पार्क में रुके 72 फुट ऊंचे रोलरकोस्टर के टॉप पर आठ साल के बच्चे सहित आठ सवार फंसे रह गए। जानकारी के मुताबिक, ये घटना एसेक्स के साउथेंड में एडवेंचर आइलैंड थीम पार्क में हुई थी।

Desk Team