सीमा हैदर के बाद पाकिस्तान से फिर आएगी एक दुल्हन, ऑनलाइन निकाह से शुरु हुई नई कहानी

Summary :

एक और पाकिस्तानी लड़की ने भारत के युवक से शादी कर ली है। हालांकि, यह शादी ऑनलाइन ही हुई क्योंकि दुलहन को भारत का वीजा नहीं मिला। अमीना और अरबाज ने ऑनलाइन ही शादी करके अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।

प्यार की खातिर सरहदें पार करने वाली सीमा हैदर और अंजु इन दिनों सुर्खियों में छाई हुई हैं। जहां सीमा पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत में अपने पबजी प्रेमी के पास आ गईं। वहीं, अंजू अपने फेसबुक दोस्त से मिलने पाकिस्तान जा पहुंची। अब इसी बीच एक पाक महिला ने भारतीय शख्स से ऑनलाइन शादी कर ली है। ऑनलाइन शादी का ये मामला खबरों में बना हुआ है।
क्या है ऑनलाइन निकाह की वजह
दरअसल, पाकिस्तान के कराची में रहने वाली अमीना और राजस्थान के जोधपुर के अरबाज ने ऑनलाइन शादी कर हर किसी को हैरान कर दिया है। ऑनलाइन शादी से जुड़ी खबरें इससे पहले भी कई बार सामने आ चुकी है खासतौर पर कोविड के समय ऐसे कई मामले सामने आए थे। जानकारी के मुताबिक अमीना को भारत आने के लिए वीजा नहीं मिल रहा था। इसी वजह से दोनों ने ऑनलाइन शादी करने का फैसला किया।
वीजा ना मिलने पर किया ऑनलाइन निकाह
बता दें कि जोधपुर रहने वाले अरबाज पेशे से एक सीए हैं और उन्होंने बुधवार को ओसवाल समाज भवन में अपने परिवार के लोगों और दोस्तों की मौजूदगी में शादी की। इस अनोखी शादी में ना सिर्फ ऑनलाइन निकाह पढ़ा गया बल्कि शादी की बाकि रस्में भी अदा की गई। वर्चुअली ही दोनों परिवार एक दूसरे से मिले और बातचीत भी की। जोधपुर के ही काजी ने ये ऑनलाइन निकाह कराया है।
परिवार की रजामंदी से हुई शादी
सबसे खास बात ये है कि ये एक को लव मैरिज नहीं है। नए-नवेले दुल्हा बने अरबाज ने बताया कि ये अरेंज्ड मैरिज है और पाकिस्तान में मौजूद उनके रिश्तेदारों ने यह शादी करवाई है। शादी की सभी रस्मों के बाद अब अमीना वीजा के लिए फिर से अप्लाई करेंगी। इसी के साथ उन्होंने आगे कहा कि ‘मैंने पाकिस्तान में शादी नहीं की क्योंकि वहां इसे मंजूरी ही नहीं दी जाएगी। अगर हम वहां करते तो हमें भारत आकर फिर से शादी करनी पड़ती।
 भारत-पाकिस्तान के रिश्ते
इस तरह ऑनलाइन शादी करने के अपने फैसले के बारे में अरबाज ने कहा कि ‘दोनों परिवार के लोगों ने ये शादी तय करवाई थी। भारत और पाकिस्तान के रिश्ते इन दिनों ठीक नहीं चल रहे हैं इसलिए हमने ऑनलाइन शादी करने का फैसला किया।’ इसके साथ ही उन्होंने ये भी उम्मीद जताई है कि अब निकाह के बाद उनकी दुल्हन को वीजा मिल जाएगा और वो जल्द ही भारत आ जाएंगी। 

Desk Team