शराब के नशे में रेलवे ट्रैक पर शख्स ने दौड़ाई कार, फिर हुआ कुछ यूं, देखें वीडियो

Summary :

शराब में धुत एक व्यक्ति ने ड्राइविंग करते-करते अपनी कार रेलवे ट्रैक पर लाकर खड़ी कर दी। शख्स इतने नशे में था कि उसे इस बात का अंदाजा तक नहीं हुआ कि वह कहां खड़ा है। तभी वहां सामने से ट्रेन आ जाती है…

शराब के नशे में लोग अजीबोगरीब हरकतें कर बैठते हैं जिसकी वजह से वो कई बार मुश्किलों में भी फंस जाते हैं। नशे की वजह से कई बार लोगों का फायदा भी उठाया जाता है। बीते दिनों गुरुग्राम का एक किस्सा खूब मशहूर हुआ था। दिल्ली का युवक अनजान शख्स के साथ बैठकर शराब पीता है फिर उसे अपनी गाड़ी के साथ-साथ अपना सारा पैसा भी दे आता है। वैसे इसके अलावा भी आए दिन शराब के नशे में लोगों के चौंकाने वाले कारनामों की खबरें सामने आती रहती हैं।
एक बार फिर शराब के नशे में धुत शख्स का नया कारनामा इन दिनों खबरों में बना हुआ है। दरअसल, शराब के नशे में धुत एक शख्स ने ड्राइविंग करते-करते अपनी कार रेलवे ट्रैक पर लाकर खड़ी कर दी। वो शख्स इतने नशे में था कि उसे इस बात जरा भी अंदाजा नहीं था कि वो किस जगह पर है। ये घटना केरल के कन्नूर की बताई जा रही है और उस शख्स का नाम जयप्रकाशन है।

शराब पीने के बाद ड्राइविंग करने से मना किया जाता है और ये एक दंडनीय अपराध भी है लेकिन इसके बावजूद लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं और अपनी जान की फिक्र किए बिना ही शराब पीने के बाद कार लेकर सड़क पर उतर आते हैं। इस वजह से कई बार बड़े हादसे भी हो जाते है। बता दें कि 18 जुलाई को जयप्रकाशन ने बहुत ज्यादा शराब पी ली थी। शराब पीने के बाद जयप्रकाशन ड्राइविंग करते-करते अपनी कार को लेकर ट्रेन की पटरी पर आ पहुंचा। इतना ही नहीं वो पटरी पर ही कार चलाने लगा।
अचानक जयप्रकाशन की कार को रेलवे ट्रैक पर देखकर कुछ स्थानीय लोगों और गेटकीपर ने इस मामले की जानकारी पास के ही रेलवे स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर पुलिस ने उस शख्स को हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस ट्रैक पर वो शख्स अपनी कार लेकर उतरा था, उस पर राजधानी एक्सप्रेस आने वाली थी। अगर पुलिस सही समय पर नहीं आती तो बड़ा हादसा हो सकता था। 

Desk Team