पाकिस्तान में दर्दनाक हादसा, यात्रियों से भरी बस में आग लगने से 13 लोगों की जलकर मौत

Summary :

पुलिस और बचाव अधिकारियों ने बताया कि हैदराबाद से कराची जा रही एक तेज रफ्तार बस सड़क से फिसल गई और उसमें आग लग गई।

पाकिस्तान में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां एक यात्री बस आग लगने के बाद पलट गई जिससे उसमें सवार कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस और बचाव अधिकारियों ने बताया कि हैदराबाद से कराची जा रही एक तेज रफ्तार बस सड़क से फिसल गई और उसमें आग लग गई। 
अधिकारी ने कहा कि नूरियाबाद इलाके के पास हुए इस हादसे में कम से कम 13 लोगों की जान चली गई। अतिरिक्त महानिरीक्षक (मोटरवे पुलिस) डॉ आफताब पठान ने मीडिया को बताया कि बस में 22 यात्री सवार थे। उनमें से कई यात्री बस के अंदर फंस गए और आग की चपेट में आ गए। जो लोग बस से निकलने में सफल रहे या जिन्हें बस से निकाला गया, वे सभी जख्मी हालत में हैं। 
उन्होंने कहा कि इनमें से पांच की हालत गंभीर है। अधिकारी बस के मलबे से शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘यह दुर्घटना हैदराबाद से 60 किलोमीटर दूर हुई और दुर्घटना में वाहन पूरी तरह से नष्ट हो गया।’’ 

Desk Team