बांग्लादेश की शीतलाख्या नदी में एक बेहद ही दर्दनाक हादसा हो गया है। 100 से अधिक यात्रियों से भरी एक छोटी नाव एक मालवाहक जहाज से टकरा गई। इस टक्कर से छोटी नाव नदी में टूटकर डूब गई और इसमें सवार 26 यात्रियों की मौत हो गई। घटना रविवार शाम नारायणगंज जिले में हुई जो राजधानी ढाका से करीब 16 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में स्थित है।
‘ढाका ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार रविवार को पांच शव बरामद किए गए और सोमवार को नौसेना, तटरक्षक, दमकल सेवा तथा पुलिस ने कुल 21 शव बरामद किए। जानकारी के अनुसार मुंशीगंज स्थित शीतलाख्या नदी में सैयदपुर कोयला घाट के पास यात्री जहाज ‘एमएल सबीत अल हसन’ मालवाहक जहाज ‘एसकेएल-3’ से टक्कर के बाद डूब गया।
पुलिस और चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर के बाद मालवाहक जहाज वहां से फरार हो गया। नारायणगंज के उपायुक्त मुस्तैन बिला ने बताया कि घटना की जांच के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन मृतकों के परिजनों को शवों के अंतिम संस्कार के लिए 25-25 हजार टका मुआवजे के रूप में देगा।
जानकारी के मुताबिक बांग्लादेश के अंतर्देशीय जल परिवहन प्राधिकरण ने भी घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। तटीय पुलिस प्रभारी दीपक चंद्र साहा ने पुष्टि की कि 50-60 लोग तैरकर नदी के तट पर आ गए जिनमें से तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नारायणगंज जिले के दमकल सेवा एवं नागरिक रक्षा उपनिदेशक अब्दुल्ला अल अरेफिन ने बताया कि आंधी के कारण उन्हें राहत और बचाव कार्य शुरू करने में देरी हुई। बचाव कार्य अब भी जारी है।


Download Android App
Download iOS App


