चीन में कोरोना वायरस का मामला पिछले साल दिसंबर में सामने आया था जिसके बाद इस वायरस के प्रकोप से मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। चीन में पिछले 24 घंटो के दौरान कोरोना वायरस के संक्रमण से 25 और लोगों की मौत के साथ इससे मरने वालों की संख्या 2870 हो गयी है तथा इससे प्रभावित लोगों की कुल संख्या 79,824 पर पहुंच गयी है।
चीन की स्वास्थ्य समिति ने शनिवार को बताया कि अबतक 41625 लोग इस वायरस की चपेट से बाहर आ गए है जिनमें से 35329 लोग अब भी अस्पताल में भर्ती है। बीमारों में से 7365 लोगों की हालत गंभीर है। समिति ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 573 मामले सामने आये है जिसके बाद इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 79824 हो गयी है।
वहीं ब्रिटेन में जानलेवा कोरोना वायरस के तीन नए मामलों की पुष्टि हुयी है जिसके बाद संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 23 हो गयी है। ब्रिटेन की मुख्य चिकित्सक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि दो मरीज हाल ही में इटली और एक मरीज एशिया से लौटा था। उन्होंने कहा कि तीनों पीड़तों की जांच की जा रही और उनके साथ में संपर्क में आने वालों का भी पता लगाया जा रहा है।
बता दें कि कोरोना वायरस का पहला मामला पिछले वर्ष दिसंबर में चीन के वुहान शहर में आया था जिसके बाद से यह विश्व के कई देशों में फैल गया है और धीरे-धीरे महामारी का रूप लेता जा रहा है। विश्व के 50 से अधिक देशों में फैल चुके खतरनाक कोरोना वायरस से अमेरिका में भी पहली मौत का मामला सामने आया है।


Download Android App
Download iOS App



