पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में करक जिले के टेरी गांव में हिंदू मंदिर में आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने गुरुवार को जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फजल (जेयूआई-एफ) के नेताओं सहित 31 लोगों को गिरफ्तार किया है।
डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में जेयूआई-एफ के वरिष्ठ नेता रहमत सलाम खट्टक भी शामिल रहे हैं। उन्हें तख्त-ए-नुसरती तहसील के चोकारा इलाके में उनके आवास से गिरफ्तार किया गया है।
जेयूआई-एफ में शामिल होने से पहले वह पीएमएल-एन के प्रांतीय महासचिव के रूप में काम कर चुके हैं। अधिकारियों ने कहा कि उनके द्वारा उन लोगों के घर पर छापेमारी की गई, जो हमले में शामिल रहे थे। हालांकि गिरफ्तार होने से खुद को बचाने के लिए इनमें से कई लोग अंडरग्राउंड हो गए।
टेरी पुलिस ने पूजा स्थल की मयार्दा को भंग करने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, लूटपाट करने, आगजनी और नुकसान पहुंचाने के चलते हमले में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी में आतंकवाद विरोधी अधिनियम की धारा 7 भी शामिल है।


Download Android App
Download iOS App



