बांग्लादेश की राजधानी ढाका के बनानी इलाके में बृहस्पतिवार को 22 मंजिली इमारत में आग लग जाने से पांच लोगों की मौत हो गयी जबकि कई लोगों के अब भी इमारत में फंसे होने की आशंका है। घटना बृहस्पतिवार दोपहर की है। इमारत में कपड़ों और इंटरनेट सेवा देने वाली कई दुकानें हैं।
‘ढाका ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार आग लगने की वजह से जान बचाने के लिये इमारत से कूदने के कारण चार लोगों की मौत हो गयी जबकि आग की चपेट में आने से ढाका विश्वविद्यालय के एक छात्र की मौत हो गयी।
अखबार के अनुसार, ‘‘35 वर्षीय व्यक्ति की पहचान अब्दुल्ला अल फारुक के तौर पर हुई है, जो ढाका विश्वविद्यालय में एमबीए का छात्र है। ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाये जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।’’
भारत के उपग्रह भेदी मिसाइल परीक्षण के बाद अमेरिका ने अंतरिक्ष में मलबे पर जताई चिंता
इसके अनुसार कुर्मीतला जनरल अस्पताल लाये गये एक और व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। व्यक्ति अपनी जान बचाने की कोशिश में इमारत से कूद गया था। हालांकि उसकी पहचान नहीं हो पायी है। अधिकारियों के हवाले से अखबार ने कहा, ‘‘इसी तरह से यूनाइटेड अस्पताल लाये गये तीन और लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।’’
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में अधिकतर लोगों की मौत बहुमंजिला इमारत के अलग-अलग मंजिल से कूदने के कारण हुई। आग बुझाने के लिये घटनास्थल पर दमकल की 21 गाड़ियों के अलावा बांग्लादेश वायुसेना के हेलीकॉप्टरों तथा नौसेना कमांडो को भेजा गया है।
आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि आग इमारत की आठवीं मंजिल पर लगी थी और बाद में यह पूरी इमारत में फैल गयी।
हालांकि दमकल सेवा ने आग लगने के कारण पर कोई टिप्पणी नहीं की।


Download Android App
Download iOS App



