अफगान सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को पांच साल से कम उम्र के 99 लाख बच्चों के लिए पांच दिवसीय राष्ट्रव्यापी प्रतिरक्षा टीकाकरण अभियान शुरू किया। मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लयूएचओ) और संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनीसेफ) द्वारा समर्थित इस अभियान के दौरान छह महीने से लेकर पांच साल की उम्र के बीच के 89 लाख बच्चों को विटामिन ए का कैप्सूल भी दिया जाएगा।
बयान में कहा गया है, ‘विटामिन ए बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और डायरिया, श्वसन संबंधी संक्रमण और खसरा जैसी बीमारियां होने की संभावना कम करता है। इससे बच्चे के जीवित रहने की संभवना भी 12 से 24 फीसदी तक बढ़ जाती है।’ अफगानिस्तान में यह अभियान जून के अंत में पोलियो का एक नया मामला सामने आने के बाद शुरू किया गया है। बयान में कहा गया है कि दूरदराज, पिछड़े इलाकों के करीब 12 लाख बच्चे टीकाकरण से छूट जाएंगे, लेकिन इन बच्चों तक पहुंच बनाने और उन्हें पोलियो से होने वाले पक्षाघात से बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



