भारत के बाद इस देश के साथ चीन की तनातनी उभरी, विरोध के बाद चली नयी चाल

Summary :

आस्ट्रेलिया के कृषि मंत्री डेविड लिटिलप्राउड ने मंगलवार को कहा कि चीन ने व्यापार को लेकर पाबंदियां बढ़ा दी हैं और यहां की कुछ तरह की लकड़ियां तथा जौ के आयात को निलंबित कर दिया है।

कैनबरा : आस्ट्रेलिया के कृषि मंत्री डेविड लिटिलप्राउड ने मंगलवार को कहा कि चीन ने व्यापार को लेकर पाबंदियां बढ़ा दी हैं और यहां की कुछ तरह की लकड़ियां तथा जौ के आयात को निलंबित कर दिया है। कोरोना वायरस, हांगकांग और दक्षिण चीन सागर को लेकर विवाद के बीच यह कदम उठाया गया है। 
चीनी अधिकारी 14 लाख डॉलर मूल्य के जीवित झींगा मछली के आस्ट्रेलिया से आयात को मंजूरी देने में भी देरी कर रहे हैं। 
चीन ने आस्ट्रेलियाई कोयला, बीफ और अन्य वस्तुओं के आयात पर या तो पाबंदी लगायी है या उसे सीमित किया है। साथ ही इस बात की जांच की घोषणा की है कि क्या शराब अनुचित रूप से कम दाम पर बेची जा रही है? 
इससे पहले, चीन ने आस्टेलिया सरकार से कोरोना वायरस की उत्पत्ति की जांच का समर्थन नहीं किये जाने की मांग की थी। यह वायरस सबसे पहले दिसंबर में चीन के मध्य भाग में फैलना शुरू हुआ था। कृषि मंत्री लिटिलप्राउड ने कहा, ‘‘हम चीनी प्राधिकरणों के साथ मिलकर काम करेंगे और मसलों काा समाधान करेंगे।’’ 
आस्ट्रेलिया के लिये चीन बड़ा निर्यात बाजार है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा कि कानून के अनुरूप बीमारी रोकने के उपायों के तहत ये कदम उठाये गये हैं। प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा, ‘‘देशों के बीच द्विपक्षीय सम्मान व्यवहारिक सहयोग का आधार है और गारंटी है।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि आस्ट्रेलिया आपसी भरोसे, द्विपक्षीय सहयोग और चीन-आस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक भागीदारी की भावना को बढ़ाने के लिये और अनुकूल कदम उठा सकता है और द्विपक्षीय रिश्तों को यथशीघ्र पटरी पर लाएगा।’’ 

Ujjwal Jain