अफगानिस्तान के उत्तर पूर्वी प्रांत पंजशीर में प्रतिरोध बलों के नेता अहमद मसूद ने रविवार को कहा कि अगर तालिबान प्रांत छोड़ देता है तो वह लड़ाई बंद करने और बातचीत शुरू करने के लिए तैयार हैं।मसूद ने फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा,‘‘यदि तालिबान पंजशीर और अंदराब में अपने हमलों तथा सैन्य अभियानों को बंद कर देता है। साथ ही विद्वानों और सुधारकों के साथ एक बड़ी बैठक आयोजित करने और चर्चा तथा बातचीत जारी रखने की उम्मीद करता है, तो राष्ट्रीय प्रतिरोध बल स्थायी शांति प्राप्त करने के लिए युद्ध को तुरंत रोकने के लिए तैयार है।’’
बता दें कि अफगानिस्तान के तालिबान शासकों ने रविवार को काबुल से और काबुल के लिए कुछ घरेलू यात्री उड़ानें शुरू कर दीं। इसके साथ ही उन्होंने अब तक अपने कब्जे से दूर पंजशीर प्रांत पर हमला तेज कर दिया है।
अफगानिस्तान की राजधानी के उत्तर में स्थित छोटे से प्रांत पंजशीर में तालिबान विरोधी लड़ाकों का नेतृत्व अफगानिस्तान के पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह कर रहे हैं जिन्होंने लड़ाई की वजह से विस्थापित हुए हजारों लोगों के लिए मानवीय सहायता की अपील की।


Download Android App
Download iOS App



