अमेरिका : फुटबॉल मैच के दौरान गोलीबारी, 4 लोग घायल, एक की हालत गंभीर

Summary :

अमेरिका के अलबामा राज्य में एक फुटबॉल मैच के दौरान अचानक गोलीबारी हो गई। घटना में चार लोग घायल हुए, जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई।

अमेरिका के अलबामा राज्य से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शुक्रवार को एक फुटबॉल मैच के दौरान अचानक गोलीबारी हो गई। घटना में चार लोग घायल हुए, जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई। घटना उस वक़्त हुई जब अलबामा के मोबाइल शहर में लैड पीबल्‍स स्‍टेडियम में देर रात दो हाईस्‍कूल टीमों के बीच फुटबॉल मैच खेला जा रहा था। मैदान में हुई गोलीबारी का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, घायल होने वाले चार में से दो नाबालिग हैं. तीन पुरुषों और एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी मैदान या स्टैंड्स में नहीं हुई थी बल्कि स्टेडियम के वेस्ट रैंप में ये गोलियां चल रही थीं।


पुलिस का कहना है कि करीब सात फायर किए गए थे, जिनमें से चार के शेल भी बरामद हो गए हैं। अभी तक सिर्फ एक ही शूटर पर शक किया जा रहा है, लेकिन इसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं। जब गोलियों की आवाज़ आ रही थी, तब मैदान पर खिलाड़ी लेट गए और अपनी जान बचाने लगे। तुरंत सुरक्षाकर्मियों ने खिलाड़ियों को मैदान से बाहर निकाला, लोगों को भी निकाला गया।

Desk Team