अमेरिका ने हवा में उड़ती नजर आ रही एक और संदिग्ध वस्तु को मार गिराया

Summary :

अमेरिका ने रविवार को अपने हवाई क्षेत्र में नजर आये एक और अज्ञात वस्तु को मार गिराया। इससे एक दिन पहले इसने कनाडा के ऊपर नजर आये इसी तरह के एक ‘बेलनाकार’ वस्तु को मार गिराया था।

अमेरिका ने रविवार को अपने हवाई क्षेत्र में नजर आये एक और अज्ञात वस्तु को मार गिराया। इससे एक दिन पहले इसने कनाडा के ऊपर नजर आये इसी तरह के एक ‘बेलनाकार’ वस्तु को मार गिराया था। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन के प्रेस सचिव ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन के निर्देश पर एक एफ-16 लड़ाकू विमान ने मिशिगन राज्य में हूरोन झील के ऊपर अमेरिकी हवाई क्षेत्र में लगभग 20,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रही वस्तु को मार गिराने के लिये ‘एआईएम9एक्स’ से हमला किया।
अज्ञात वस्तुओं को निशाना बनाया था
पिछले शनिवार को दक्षिण कैरोलाइना के तट से दूर अटलांटिक महासागर में एक चीनी निगरानी गुब्बारे को मार गिराए जाने के बाद, यह एक सप्ताह में अज्ञात हवाई वस्तु की इस तरह मार गिराए जाने का तीसरा वाकया है। पिछले दो मामलों में अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने शुक्रवार को अलास्का में और शनिवार को कनाडा के हवाई क्षेत्र में ऐसी ही अज्ञात वस्तुओं को निशाना बनाया था।
नागरिक उड्डयन के लिये खतरा
राष्ट्रपति बाइडन ने रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन की सिफारिश पर रविवार को हवा में उड़ रही वस्तु को मार गिराने का आदेश दिया। यह जिस मार्ग और ऊंचाई पर उड़ रहा था उसे लेकर चिंता जताई जा रही थी और यह आशंका भी थी कि यह नागरिक उड्डयन के लिये खतरा हो सकता है।
पेंटागन के अधिकारी ने कहा कि इस वस्तु को मार गिराने के लिये ऐसी जगह को चुना गया जिससे जमीन पर लोगों को कोई नुकसान न उठाना पड़े था इसके मलबे को इकट्ठा करने में भी मुश्किल न हो। उन्होंने कहा, “किसी नागरिक के घायल होने या अन्यथा प्रभावित होने के कोई संकेत नहीं हैं।”

Desk Team