इराक की एक अदालत ने पिछले साल एक ईरानी जनरल और एक प्रभावशाली इराकी मिलिशिया नेता के मारे जाने के मामले में अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ बृहस्पतिवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
अदालत के मीडिया कार्यालय ने कहा कि अमेरिका के ड्रोन हमले में जनरल कासिम सुलेमानी और अबू माहदी अल मुहंदिस के मारे जाने के मामले में बगदाद की जांच अदालत के न्यायाधीश ने वारंट जारी किया।
सुलेमानी और मुहंदिस पिछले साल जनवरी में बगदाद हवाईअड्डे के बाहर ड्रोन हमले में मारे गए थे जिससे अमेरिका और इराक के बीच राजनयिक संकट उत्पन्न हो गया था और दोनों के संबंधों में तल्खी आ गई थी। गिरफ्तारी वारंट हत्या के आरोप में जारी किया गया है।
घटना के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनी ने उन्हें शहीद बताते हुए बदला लेने की बात कही थी। अयातुल्ला खामेनी ने ट्विटर पर लिखा था कि हम अबू माहदी और सुलेमानी की आत्मा को श्रद्धांजलि देते हैं। वे इस्लाम में प्रशिक्षित एक व्यक्ति का एक प्रमुख उदाहरण थे। उन्होंने अपना सारा जीवन अल्लाह के लिए संघर्ष करने में लगा दिया।
वहीं, अमेरिकी रक्षा मंत्रालय सुलेमानी के मारे जाने के बाद एक बयान में कहा था कि जनरल सुलेमानी इराक में अमेरिकी राजनयिकों और सैन्य कर्मियों पर हमले की सक्रिय रूप से योजना बना रहे थे। जनरल सुलेमानी और उसका कुद्स फोर्स सैकड़ों अमेरिकियों और अन्य गठबंधन सहयोगियों के सदस्यों की मौत और हजारों को जख्मी करने के लिए जिम्मेदार हैं।


Download Android App
Download iOS App

